गोवंश में तेजी से बढ़ते लंपी रोग से लड़ने के लिए पुलिस के जवान भी सामाजिक सेवकों और गोभक्तों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर मदद कर रहे हैं। जिला एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि राजसमंद पुलिस के जवान पिछले दो दिन में 250 किलो औषधीय लड्डू तैयार कर चुके हैं। इन्हें लंपी प्रभावित गायों को खिलाया जाएगा
लड्डू का सारा खर्च राजसमंद पुलिस उठा रही है। पुलिसकर्मी से लेकर अफसर तक मदद कर रहे हैं। ड्यूटी करने के बाद ये जवान लड्डू तैयार कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार एनएच 8 पर पुलिस लाइन में पिछले दो दिन में 250 किलो लड्डू तैयार हुए हैं। मंगलवार को 100 किलो व बुधवार को 150 किलो लड्डू बनाए गए। लड्डू के लिए पशुपालक पुलिस लाइन पहुंच रहे हैं।
SHO ने बांधे लड्डू
पुलिस लाइन में बने लड्डू देवथडी, धोइंदा, राजसमन्द शहर, पीपरडा बडारडा, खमनोर, धायला, गुडला, केाठारिया, एमडी, मुण्डोल सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के पशुपालकों को बांटे जा चुके हैं। राजनगर पुलिस थानाधिकारी डॉ हनुवंत सिंह राजपुरोहित भी पुलिस लाइन पहुंचे और जवानों के साथ लड्डू बना कर गोसवा में जुटे।
बच्चों ने फोड़ी गुल्लक
पुलिस जवानों के साथ उनके बच्चे भी गोसेवा के लिए आगे आए। दो बच्चों ने गुल्लक फोड़कर 1262 रुपए गोसेवा के लिए दान किए। एक बच्चे ने 712 रुपए, दूसरे ने 550 रुपए की मदद की। राजनंदिनी कुंवर सोलंकी ने अपनी गुल्लक तोडकर 712 रुपए और मिशिका सुथार ने 550 रुपए गोसेवा के लिए दिए। एक बच्ची के पिता व दूसरी की मां कॉन्स्टेबल हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.