क्रिकेटर रवि विश्नोई ने दिया चाय के बदले कचरा:योजना की शुरुआत; कचरा लेकर पहुंचे भग्गा सिंह की टी-स्टॉल पर

राजसमंद6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रवि विश्नोई ने भग्गासिंह की चाय की दुकान पर पहुंचकर कचरे के बदले चाय का किया शुभारम्भ। - Dainik Bhaskar
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रवि विश्नोई ने भग्गासिंह की चाय की दुकान पर पहुंचकर कचरे के बदले चाय का किया शुभारम्भ।

कचरे के बदले चाय। सुनने में अजीब लगता है लेकिन यह सच है। राजसमंद में एक चायवाले ने कचरे के बदले चाय पिलाने की शुरूआत की है। संदेश स्वच्छता का है। लोग प्लास्टिक का कचरा लेकर उसकी दुकान पर आ सकते हैं और चाय पीकर जा सकते हैं। इस स्कीम की शुरूआत क्रिकेटर रवि विश्नोई ने गुरुवार को की है।

भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रवि विश्नोई गुरुवार को राजसमंद में कुंभलगढ़ के बस स्टैंड स्थित भग्गा सिंह की चाय की दुकान पर कचरा लेकर पहुंचे और चाय पी। उन्होंने भग्गा सिंह की इस अनूठी पहल की तारीफ की।

भग्गा सिंह ने दुकान की दीवारों पर कुछ रोचक स्लोगन भी लिखवाए हैं। जैसे - प्लास्टिक का कचरा लाएं और भरपेट नाश्ता खाएं। प्लास्टिक कचरा हमें दीजिए, बदले में चाय पीजिये। भग्गा सिंह की इस पहल से रवि विश्नोई प्रभावित हुए।

भग्गा सिंह (बायें गले में गमछा डाले) के साथ क्रिकेटर रवि विश्नोई (चेक शर्ट में)
भग्गा सिंह (बायें गले में गमछा डाले) के साथ क्रिकेटर रवि विश्नोई (चेक शर्ट में)

इस दौरान जिला परिषद राजसमंद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान, उपखण्ड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़, तहसीलदार रणजीत सिंह, सहायक अभियन्ता कमलेश मीणा, खण्ड समन्वयक नरेश जोशी समाजसेवी प्रेम सुख शर्मा आदि ने भी स्वच्छता अभियान के दौरान इकट्ठा किया प्लास्टिक कचरा देकर बदले में भग्गा सिंह की चाय पी।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान पिछले दिनों प्लास्टिक कचरा खुले में नहीं डालने को लेकर दुकानदारों को प्रेरित कर रहे थे। वे केलवाड़ा के हर दुकानदार तक पहुंचे थे। इस दौरान उनकी नजर भग्गा सिंह के चाय के ठेले पर पड़ी। जिस पर लिखा था- शौचालय का उपयोग करें, वरना चाय नहीं मिलेगी।

अजीबोगरीब स्लोगन देख अधिकारी चौंके। उन्होंने भग्गा सिंह से उनका मतलब पूछा तो पता चला कि जो लोग खुले में शौच जाते हैं, उन्हें भग्गा सिंह चाय नहीं पिलाता। इस तरह को सोशल मैसेज से भुवनेश्वर चौहान बहुत प्रभावित हुए।

भग्गा सिंह ने चाय की दुकान पर लिखवा रखा है- प्लास्टिक कचरा लाओ और भरपेट नाश्ता खाओ।
भग्गा सिंह ने चाय की दुकान पर लिखवा रखा है- प्लास्टिक कचरा लाओ और भरपेट नाश्ता खाओ।

भग्गा सिंह ने बताया कि वह 2017 से लगातार स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहा है। जिस किसी के भी घर शौचालय नहीं है उसे चाय नहीं पिलाता। इस पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान ने उसे प्लास्टिक कचरे के बदले लोगों को चाय पिलाने और नाश्ता करवाने का सुझाव दिया। कहा- इससे आस-पास के क्षेत्र में कचरा भी नहीं फैलेगा लोग प्रेरित भी होंगे। आपको एक नया रोजगार भी मिलेगा। इस पर भग्गा सिंह ने अपनी सहमति देते हुए ऐसा करने का बीड़ा उठाया और कर भी दिखाया।

पर्यावरण प्रदूषण तमाम देशों के लिये एक गंभीर समस्या एवं विषय बन चुका है। प्रदूषण से बचने के लिये कारगर तरीकों की खोज की जा रही है। अब कई देशों ने प्लास्टिक इस्तेमाल न करने की मुहिम भी शुरू कर दी है ताकि लगातार बढ़ते प्रदूषण के स्तर पर नियंत्रण पाया जा सके।

छोटी सी चाय की दुकान से भग्गा सिंह बड़ा सोशल मैसेज दे रहे हैं। इसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है।
छोटी सी चाय की दुकान से भग्गा सिंह बड़ा सोशल मैसेज दे रहे हैं। इसके लिए उन्हें सम्मानित भी किया जा चुका है।

इसी सिलसिले में राजस्थान के राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त करने के लिए भग्गा सिंह चाय वाले ने शुरूआत की है। जिसका उद्घाटन भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रवि विश्नोई ने किया है।

भग्गा सिंह के यहां प्लास्टिक के बदले चाय-कॉफी और नास्ता
कुंभलगढ़ में भग्गा सिंह चाय वाले के यहां पर अब प्लास्टिक कचरे के बदले चाय काफी और नाश्ता मिलेगा। जिसमें भग्गा सिंह द्वारा कचरा तौल कर उसकी राशि जितनी बनती है उस अनुपात में ग्राहक को चाय कॉफी एवं नाश्ता दिया जाएगा।

भग्गा सिंह की पूर्व पहल को भी स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के राष्ट्रीय सोशल मीडिया पेज पर स्थान मिल चुका है। जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण नाना लाल साल्वी ने बताया कि भग्गा सिंह द्वारा पूर्व में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में सहयोग किया गया था। जिसमें भग्गा सिंह द्वारा उन्हें चाय नही पिलाई गई जिनके घर पर शौचालय नहीं था। भग्गा की इस पहल का दिनांक 31 दिसम्बर 2017 को भारत सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के सोशल मीडिया पेज भी कहानी के रूप में प्रकाशित किया गया था।

भग्गा सिंह की चाय की दुकान। जिस पर यह भी लिखा है कि शौचालय का उपयोग करें वरना चाय नहीं मिलेगी।
भग्गा सिंह की चाय की दुकान। जिस पर यह भी लिखा है कि शौचालय का उपयोग करें वरना चाय नहीं मिलेगी।

भग्गा सिंह को मिल चुका है राज्य स्तर पर पुरस्कार

भग्गा सिंह की इस पहल की पर राज्य स्तर पर भी सराहना हुई एवं इसे राज्य स्तर पर भी स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में सहयोग के लिये सम्मानित किया जा चुका है। उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ द्वारा भारतीय क्रिकेट टीम के युवा एवं प्रतिभावान लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को निमंत्रण दिया गया। जिस पर रवि बिश्नोई अपने प्रशिक्षक एवं साथियों के साथ भग्गा सिंह की दुकान पर पहुंचे तथा उसकी हौसला अफजाई की।

उनके किए गए कार्य की सराहना करते हुए शाबाशी दी एवं अन्य लोग भी इससे प्रेरित होंगे ऐसा विश्वास व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों जनप्रतिनिधियों एवं व्यापार मंडल के सदस्यों द्वारा पगड़ी इकलाई एवं फूल मालाएं पहनाकर स्टार क्रिकेटर रवि विश्नोई का जोरदार स्वागत किया।

भग्गा सिंह की चाय की दुकान पर पहुंचने पर स्कूली छात्र छात्राओं और स्थानीय लोगों ने क्रिकेटर रवि विश्नोई का रंगोली बनाकर स्वागत किया।
भग्गा सिंह की चाय की दुकान पर पहुंचने पर स्कूली छात्र छात्राओं और स्थानीय लोगों ने क्रिकेटर रवि विश्नोई का रंगोली बनाकर स्वागत किया।

शिक्षा विभाग की और से बालिकाओं ने रंगोली बना कर राजस्थान के क्रिकेटर का भग्गा सिंह की दुकान पर स्वागत किया। इस दौरान राजस्थान के स्टार क्रिकेटर रवि विश्नोई के साथ फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए लोग उमड़ पड़े।