विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने सुभाषनगर 100 फीट रोड स्थित विधायक कार्यालय पर जन परिसंवाद में क्षेत्रवासियों की समस्याओं और अभाव अभियोगों का संज्ञान लिया। जन परिसंवाद में पूरे विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की भागीदारी रही। विधायक माहेश्वरी ने आगामी बजट पर प्रबुद्धजनों से चर्चा में कहा कि राजसमंद जिला मुख्यालय पर राजस्थान सरकार स्वयं के संसाधनों से चिकित्सा महाविद्यालय खोलने की घोषणा करें। इसके लिए जिला खनिज प्रतिष्ठान कोष का भी उपयोग किया जा सकता है। पूर्व में राजसमंद झील में आवक बढ़ाने के लिए मानसी वाकल तृतीय चरण व माही नदी घाटी से जल परावर्तन करने की बजट में घोषणा की गई थी। प्रदेश सरकार आगामी बजट में उक्त घोषणाओं की क्रियान्विति के लिए पर्याप्त राशि आवंटित करें। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी संकीर्ण मानसिकता और राजनीतिक विरोधियों के प्रति प्रतिशोध की भावना रखती है। इसी कारण राजसमंद के साथ विकास कार्यों में भेदभाव किया जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनावों में जनता कांग्रेस से प्रतिशोध और भेदभाव के लिए बदला लेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों से जन आक्रोश यात्रा में अधिकतम भागीदारी करने का आह्वान किया। जनसुनवाई में नागरिकों ने जो भी समस्याएं रखी, उनके समाधान के लिए विधायक माहेश्वरी ने उसी समय अधिकारियों से वार्ता करके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। द्वारकेश कन्या महाविद्यालय के सामने यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण की मांग पर कलेक्टर से बात करके शीघ्र बनवाने के लिए कहा। कड़ेचों का गुड़ा में पेयजल संकट व भाणा में पेयजल शोधन संयत्र के संबंध में जलदाय विभाग के अधिकारियों से वार्ता की। क्षेत्रवासियों की मांग पर भाणा में सामुदायिक भवन विस्तार के लिए 3 लाख रुपए, टेंपाे स्टैंड के पास सराय निर्माण के लिए 8 लाख रुपए, देवथड़ी सुंदरचा में सामुदायिक भवन विस्तार के लिए 10 लाख रुपए विधायक विकास निधि से स्वीकृत किए। जन परिसंवाद कार्यक्रम में प्रधान अरविंदसिंह राठाैड़, कुरज मंडल अध्यक्ष उदयलाल अहीर, प्रताप मंडल अध्यक्ष मुकेश जोशी, महामंत्री भैरूलाल जोशी, मंडल महामंत्री राजेंद्र व्यास, नगर महामंत्री हिम्मत मेहता, हुकमीचंद्र गाडरी, बहादुर सिंह फरारा, रमेश पालीवाल भाणा, रामलाल लौहार भाणा, श्याम कुमावत भाणा, मुकेश बागोरा पीपरड़ा, सोहनलाल खटीक पीपरड़ा, लालूराम पूर्बिया, हितेश जोशी सहित कई नागरिकों की भागीदारी रही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.