बैशाख की पूर्णिमा इस बार 16 मई सोमवार को हैं। इसे पीपल पूर्णिमा और बुद्ध पूर्णिमा भी कहा जाता हैं। 16 मई को साल का पहला चंद्र ग्रहण रहेगा लेकिन भारत में कहीं भी ग्रहण दिखाई नहीं देगा और धार्मिक प्रभाव व सूतक भी मान्य नहीं होगा। यह चंद्र ग्रहण 16 मई को सुबह 8:59 से 10:23 तक रहेगा।
आचार्य गौरी शंकर शर्मा बोरखेड़ा ने बताया कि इस दिन कुमार योग सुबह 9:44 से दोपहर 1:18 तक इसके बाद सर्वार्थ सिद्धि योग 1:18 से सूर्यास्त तक रहेगा। कुमार और सर्वार्थसिद्धि योग के विशेष संयोग में पूर्णिमा का व्रत रखना चाहिए, इस दिन धर्मराज युधिष्ठिर की कथा सुन कर और उसके निमित्त दान करना चाहिए। जल से भरा कलश, छाता, जूते, पंखा, पकवान आदि दान करने से कई गुना पुण्य मिलता हैं। वैशाखी पूर्णिमा को भगवान गौतम बुद्ध का जन्म हुआ था। इस दिन पीपल के वृक्ष की पूजा करने के कारण इस पूर्णिमा को पीपल पूर्णिमा भी कहा जाता हैं। वैशाख की पूर्णिमा को अबूझ मुहूर्त माना जाता हैं, इसलिए इस दिन विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन संस्कार करना शुभ हैं और वाहन, भूमि -भवन आदि को खरीदना और बेचना लाभदायक हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.