भाजपा की जन आक्रोश यात्रा को लेकर भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर ने सोमवार को पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही भाजपाईयों से यात्रा के सफल आयोजन के लिए एकजुट होकर जुट जाने का आह्वान किया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशा मीणा, सह प्रभारी कन्हैया लाल मीणा, प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल, जिलाध्यक्ष भरत लाल मथुरिया, जिला संयोजक प्रेम प्रकाश शर्मा, सह संयोजक जगदीश अग्रवाल एवं जिला सह संयोजक राजेश गोयल, पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश जैन, पूर्व जिला अध्यक्ष बजरंग लाल जाट आदि उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री गुर्जर ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के चार साल के कुशासन जन आक्रोश यात्रा में पर्दाफाशन कर आमजन को जागरुक करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कुशासन चरम पर है। माता, बहनों का अपमान एवं उनके साथ व्यभिचार, दुराचार की घटनाओं ने राजस्थान के नाम पर बदनुमा दाग लगाया है। इसे छिपाने के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पायलट आपस में लड़ कर जनता को गुमराह कर रहे हैं, जिसे राजस्थान की जनता बर्दाश्त नहीं कर आगामी चुनाव में इसका बदला लेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में बार-बार बिजली की दरें बढ़ाई गई, बेरोजगारों के जीवन से खिलवाड़ किया गया। बार-बार उनकी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र आउट हुए। राज्य में यूरिया खाद की समस्या से किसान जूझ रहा है, लेकिन गहलोत सरकार जनता को राहत देने के स्थान पर गुमराह करने का प्रयत्न कर रही है। जनाक्रोश यात्रा के जिला सहप्रभारी कन्हैया लाल मीणा ने कहा कि राजस्थान में एससी/एसटी के साथ अत्याचारों की पराकाष्ठा हो रही है। प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि कांग्रेस की लुटिया डूब चुकी है। हमें भारतीय जनता पार्टी को दो तिहाई बहुमत के साथ राम राज्य की सरकार के रूप में लाना है। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष डॉ. भरत लाल मथुरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता राजस्थान की गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए दृढ़ संकल्प कर चुका है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.