चिड़ावा और आसपास के इलाकों में देर रात से लगातार बारिश का दौर जारी है। कभी धीमी तो कभी तेज बारिश हो रही है। बारिश से शहर के विवेकानंद चौक, बागर, गौशाला रोड, मंड्रेला रोड, पिलानी रोड, गायत्री मंदिर के पास और अन्य निचले इलाकों में पानी भर गया।
विवेकानंद चौक के पास दुकानों में पानी जाने से सामान खराब हो गया। वहीं ओलावृष्टि की संभावना के चलते किसान चिंतित हैं। बारिश के साथ चल रही शीतलहर ने इलाके में ठिठुरन बढ़ा दी है। 22 किमी की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम में हवा चल रही है। वहीं आर्द्रता 89 फीसदी है। हल्का कोहरा भी बाहरी इलाकों में नजर आया।
होली चौक के घरों के घुसा पानी
चीनी गोदाम के पीछे टीबड़ा गेस्ट हाउस के पास होली चौक पर चारों तरफ से पानी का जमा हो गया। ऐसे में यहां का एक हिस्सा तो तालाब बन गया। हर बार बारिश के बाद यहां ऐसी ही स्थिति बनती है।पानी कई मकानों में जा घुस गया। लोगों ने समस्स्थाया के स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि नगरपालिका प्रशासन को कई बार अवगत करवाने के बावजूद समस्या बरकरार है।
नगर पालिका की ओर से यहां तत्कालीन ईओ अनिता खीचड़ के नेतृत्व में ब्लॉक लगवाने का काम शुरू किया गया था। चीनी गोदाम की तरफ ढलान करने की बजाय होली चौक में कर दिया गया। इसका विरोध हुआ तो फिर काम रोक दिया गया। जिसके बाद से समस्या जस की तस बनी हुई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.