खेतड़ी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 महीने पहले बसई में फायरिंग कर एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। खेतड़ी थाने के सीआई विनोद सांखला ने बताया कि 1 मार्च 2021 को राजकीय अजीत अस्पताल में बसई निवासी पीड़ित कमल शर्मा ने पर्चा बयान से मामला दर्ज करवाया था।
कमल शर्मा ने बयान में बताया था कि वह ट्रैक्टर ट्राली से सब्जियां बेचने का धंधा करता है। 28 फरवरी की रात वह अपने घर के छप्पर में सोया हुआ था। अचानक 15-16 लोग मेरे घर आए और गालियां देने लगे। इसी दौरान युवकों में से एक बानसूर निवासी रोशन बावरिया ने देशी कट्टे से फायर कर दिया। जिससे मेरे दोनो पैरो में छर्रे लगे। पीड़ित ने बताया कि कई लोगों के हाथों में हथियार(तमंचा) थे। पुलिस ने पीड़ित कमल शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया था और आज पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
बेटी की शादी के 2 लाख भी लूटे थे
पीडित कमल शर्मा ने बताया था कि 15 मार्च को होने वाली बेटी की शादी के दहेज व सामान के लिए 2 लाख रुपए कमरे में रखे थे। बदमाश ताला तोड़ कर 2 लाख भी लूट कर ले गए थे। खेतड़ी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर फायरिंग कर एक जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, लूट व जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। एसपी प्रदीप मोहन शर्मा द्वारा जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत खेतड़ी थानाधिकारी विनोद सांखला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने अनुसंधान करते हुए आरोपी नीमूचाणा(बानसूर) निवासी राजू बावरिया को बापर्दा गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस की टीम में थानाधिकारी विनोद सांखला, हैड कांस्टेबल ओमप्रकाश, दिनेश कुमार, पंकज कुमार व चोखाराम शामिल थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.