पश्चिमी विक्षोभ के कारण देर रात बरसात हुई। हालांकि सर्द हवा और कोहरे से राहत मिली। तापमान बढ़ने से ठिठुरन से राहत मिली है। मौसम विभाग ने दो दिन बारिश का अलर्ट किया है।
सीकर के कई इलाकों में शुक्रवार देर रात अचानक बरसात हो गई। आज सुबह भी फतेहपुर और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जारी है। फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर बीती देर रात 2 बजे से सुबह 7:30 बजे तक 15 एमएम बारिश दर्ज की गई है। आज भी कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
फतेहपुर में 15 एमएम बारिश दर्ज
कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर के बाबूलाल कुमावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हुआ है। फतेहपुर में 15 एमएम बारिश दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 10.4 डिग्री दर्ज किया गया है। जिले में आज भी बारिश का अलर्ट है। बारिश के बाद एक बार फिर सर्दी बढ़ेगी। तापमान में गिरावट भी दर्ज की जाएगी।
किसानों को राहत
जनवरी में दूसरी बार पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश का दौर शुरू हुआ है। बरसात फसलों के लिए अच्छी रहेगी। कृषि अनुसंधान केंद्र के बाबूलाल कुमावत ने बताया कि बारिश गेहूं,चना, जौ जैसी फसलों के लिए अमृत की तरह साबित होगी।
फतेहपुर में कई इलाकों में हुआ जलभराव
फतेहपुर में देर रात शुरू हुई बारिश का दौर सुबह करीब 9 बजे तक चला। जिसके चलते कस्बे के छतरिया बस स्टैंड पर जलभराव हो गया। जिसके चलते आमजन को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। जलभराव के चलते अधिकतर दुकानें भी बंद रही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.