पटवार भर्ती परीक्षा 23 व 24 अक्टूबर को दो-दो पारियाें में होगी। एक पारी में तीन घंटे का पेपर होगा। राजस्थान सबऑर्डिनेट एंड मिनिस्ट्रियल सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (आरएसएमएसएसबी) के अनुसार पटवार भर्ती 5,378 पदों के लिए हाेगी। प्रदेशभर से करीब 15 लाख अभ्यर्थियाें ने आवेदन किया है। सीकर जिले में पटवार भर्ती के लिए करीब 70 हजार से अधिक अभ्यर्थी हैं।
पटवार भर्ती आखिरी बार करीब पांच साल पहले 24 दिसंबर 2016 में हुई थी। पेपर में 1/3 अंक की माइनस मार्किंग हाेगी। 14 अक्टूबर के बाद परमिशन लेटर जारी हाे सकते हैं। विशेषज्ञों की राय है कि अभ्यर्थी अच्छी तैयारी के लिए सिलेबस पर आधारित 10 से अधिक टेस्ट पेपर हल करें। पहली पारी की परीक्षा सुबह 8:30 से 11:30 बजे तक होगी।
दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक होगी। 24 अक्टूबर को भी इसी समय पर दो पेपर होंगे। पटवार भर्ती के लिए 8169 अभ्यर्थियाें ने एक से अधिक आवेदन किया है, लेकिन पहले भरे सभी आवेदन रद्द कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी का अंतिम आवेदन के आधार पर ही प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। भर्ती में सफल हाेने के लिए अभ्यर्थी काे मैथ्स व रीजनिंग पर सबसे ज्यादा ध्यान देना हाेगा। क्याेंकि इसका वेटेज 30% है।
पांच पार्ट में 300 अंकों के 150 सवाल आएंगे, इनमें खेल व राजस्थान की योजनाओं से जुड़े सवाल आ सकते हैं
प्रतियोगी परीक्षाओं के एक्सपर्ट अरुण ढाका के अनुसार इस बार पटवार भर्ती का एक एग्जाम हाेगा। इससे पहले दाे बार प्री व मेंस दाे एग्जाम हुए थे। पटवार भर्ती पेपर में 300 अंकाें के 150 सवाल पूछे जाएंगे। सिलेबस काे पांच-पांच भागाें में बांटा गया है। इसमें 30 प्रतिशत वेटेज यानी 90 अंक के 45 सवाल मैथ्स व रीजनिंग के आएंगे।
इसके बाद सामान्य विज्ञान, भारत का भूगाेल, राजनीति व्यवस्था, इतिहास एवं समसामयिक घटनाओं से संबंधित 76 अंकाें के 38 प्रश्न पूछे जाएंगे। राजस्थान का भूगाेल, इतिहास, कला-संस्कृति, राजस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था आदि से संबंधित 60 अंकाें के 30 सवाल पूछे जाएंगे। सामान्य हिंदी व अंग्रेजी भाषा के 44 अंकाें के 22 सवाल पूछे जाएंगे। कंप्यूटर के 30 अंकाें के 15 प्रश्न आएंगे। करंट अफेयर में सरकार की याेजनाएं, ओलंपिक, पैरालिंपिक खेलाें में प्रदर्शन, राजस्थान की प्रमुख याेजनाएं से जुड़े सवाल भी पूछे जा सकते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.