हिल स्टेशन माउंट आबू में अब बर्फ जमने लगी है। लगातार तापमान में गिरावट के बाद अब यहां लोगों को तेज सर्दी का अहसास होने लगा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान माइनस 3 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री बढ़कर 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
शहर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी और गिरावट का सिलसिला जारी है। शहर में लोगों को कभी सर्दी से राहत तो कभी कड़ाके की सर्दी झेलनी पड़ रही है। शहर का तापमान माइनस 3 डिग्री पहुंचने से खुले मैदान, खुले इलाकों, खुले में खड़े वाहनों की छत, गाड़ियों की सीट, कांच, बगीचे सहित फसल और पेड़ पौधों की पत्तियों पर बर्फ की परत दिखाई दी। लगातार सर्दी से जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं गुरु शिखर मार्ग, ओरिया मार्ग, अपर कोदरा मार्ग सहित गुरु शिखर सेल्फी प्वाइंट, पहाड़ियों पर सुबह देर तक कोहरा नजर आया।
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार ओस की बूंदें फसलों के लिए नुकसानदायक नहीं होती है, लेकिन जब ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील होती हैं तो अधिकतर फसलों को नुकसान पहुंचता है। अधिकांश फसलों में बर्फ का जमना नुकसानदायक होता है। वहीं गेहूं के लिए ठंड उपयोगी होती है। राधेश्याम शर्मा ने बताया कि माउंट आबू में आगामी सप्ताह भर तक बादल छाए रहेंगे और माउंट आबू में अभी बारिश होने की संभावना कम है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी तो कभी गिरावट रहेगी।
पिछले 4 दिन का तापमान
दिन | न्यूनतम | अधिकतम |
25 जनवरी | -3 डिग्री | 18.5 डिग्री |
24 जनवरी | 1 डिग्री | 18 डिग्री |
23 जनवरी | 1 डिग्री | 21 डिग्री |
22 जनवरी | -3 डिग्री | 18.5 डिग्री |
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.