सिरोही जिला मुख्यालय पर बीजेपी की जन आक्रोश यात्रा के रथों को रवाना किया गया। शहर के रामझरोखा मैदान से शुक्रवार दोपहर 3 बजे इन रथों की विधिवत पूजा-अर्चना कर बीजेपी का ध्वज दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष नारायण पुरोहित, प्रभारी जोगेश्वर गर्ग, सांसद देवजी एम पटेल, पूर्व राज्य मंत्री ओटाराम देवासी, विधायक जगसीराम कोली, समाराम गरासिया,जन आक्रोश के जिला संयोजक योगेंद्र गोयल के उपस्तिथि में भाजपा का ध्वज दिखाकर रवाना किए गए।
इस दौरान नारायण पुरोहित ने कहा कि बीजेपी अपनी जन आक्रोश यात्रा के माध्यम से गहलोत सरकार की दमनकारी नीतियों एवं जंगलराज को आम लोगों तक पहुंचा रही है। गहलोत सरकार ने आमजन से झूठे वादे किए और जंगलराज फैलाया है, उसके लिए बीजेपी रथों के जरिए गहलोत सरकार की काली करतूतों को लोगों तक पहुंचाएगी। रथ यात्रा जन जागरण यात्रा है, हम इसके माध्यम से जनता को जगाएंगे और भाजपा की सरकार बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री बने रहने और बनने की लड़ाई के कारण 4 सालों से मंत्रिमंडल और ब्यूरोक्रेसी दो भागों में बंटी हुई है। कांग्रेस नेताओं के आपसी स्वार्थ व लड़ाई के कारण प्रदेश का विकास ठप है। कांग्रेस के विधायक मिनी मुख्यमंत्री बनकर जनता को लूटने का काम कर रहे हैं। इस दौरान विधायक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि कांग्रेस राज में बिगड़ी कानून व्यवस्था, किसानों का तिरस्कार, महिला असुरक्षा, बेलगाम भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, एससी-एसटी पर अत्याचार, तुष्टीकरण की राजनीति, बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा के बारे में आम लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाएगी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.