मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति काफी विशाल है। हम मंदिर जाएं, पूजा करें यह अलग बात है, लेकिन यह भी आवश्यक है कि हम अपने बच्चों को सनातन संस्कृति का अध्ययन भी करवाएं। श्रीकृष्ण, शंकर पार्वती, भगवान रामचंद्र के बारे में अध्ययन करवाएं वे अपने जीवन में कभी कमजोर नहीं पड़ेंगे, क्योंकि उनके जीवन का एक-एक पल एक-एक क्षण हमें प्रेरित करता है। वे शनिवार को श्री जागनाथ मंदिर शिवगंज में भोजनशाला के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
लोढ़ा ने कहा कि श्रीकृष्ण के जीवन में चुनौतियां कम नहीं थी। उनका जन्म जेल की सलाखों के पीछे हुआ। नवजात रूप में उन्हें उफनती हुई यमुना को पार करना पड़ा। बचपन जंगलों में गायों के बीच बीता। जीवन की कठिनताओं के बावजूद वे इतने बड़े संगीतकार थे कि उनकी एक बांसुरी की धुन पर सभी को अपनी तरफ आकर्षित कर लेते थे। कुरुक्षेत्र में उन्होंने अर्जुन से जो कहा वह किताब बन गया और वह किताब भी ऐसी जिसकी विश्व में जयंति मनाई जाती है। विधायक ने कहा कि जिस बच्चे ने गीता को पढ़ लिया आप मानकर चलो वह जीवन में कैसी भी परिस्थिति आ जाए हार नहीं मान सकता।
इस अवसर पर विधायक ने भोजनशाला के शुभारंभ पर मंदिर ट्रस्ट प्रबंधन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि जागनाथ महादेव मंदिर का मंदिर ट्रस्ट ने जो विकास करवाया है वह निसंदेह अकल्पनीय है। विशेषकर मंदिर के प्रतिष्ठा महोत्सव में शंकराचार्य का शिवगंज आगमन शहरवासियों का सौभाग्य है। उनके सानिध्य से शहरवासियों के जीवन में नया संचार प्रवाहित हुआ है। मंदिर ट्रस्ट मंत्री गंगाराम गोयल ने बताया कि भोजनशाला की समुचित व्यवस्था, सुचारू संचालन एवं आगन्तुक भोजन कर्ताओं की सुविधा पर ध्यान देने के लिए ट्रस्ट ने 7 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जो कि भोजनशाला का संचालन करेगी। उन्होंने बताया कि भोजनशाला में शुद्धता व स्वच्छता का ध्यान रखते हुए प्रति थाली शुद्ध, सात्विक व स्वादिष्ट भोजन 50 रुपए में उपलब्ध करवाया जाएगा। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य नागरिक सहित महिला मंडल की कार्यकर्ता उपस्थित थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.