इस बार भी अनूपगढ़ के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम स्टेडियम में गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। गणतंत्र दिवस को धूमधाम से मनाने के लिए प्रशासन के द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है।इस वर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न खेलों में जिला स्तर, राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उपखंड क्षेत्र के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा। उपखंड अधिकारी प्रियंका तलानिया के द्वारा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची जारी कर दी गई है तथा इसकी सूचना संबंधित विद्यालयों में भिजवा दी गई है।
उपखंड अधिकारी प्रियंका तलानिया ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपखंड क्षेत्र के कुल 87 विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गांव 15 ए के 40 विद्यार्थियों का सम्मान किया जाएगा। इन 40 विद्यार्थियों में से 30 छात्र-छात्राओं के द्वारा लगोरी खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया था, जबकि 10 छात्रों के द्वारा वॉलीबॉल में बेहतरीन प्रदर्शन किया गया था।
गांव 5/8 ए के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के एक छात्र के द्वारा खो-खो खेल में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया जाएगा। बाबा हर सिंह बेदी मेमोरियल उच्च माध्यमिक विद्यालय के 8 विद्यार्थियों के द्वारा वूशु, क्रिकेट, नेटबॉल, पावर लिफ्टिंग, लगोरी खेल में अच्छा प्रदर्शन किया है। गांव 2 पीजीएम के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की एक छात्रा और एक छात्र का, अनूपगढ़ के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल के 20 छात्र-छात्राओं का विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मान किया जाएगा। गांव बांडा कॉलोनी के रोज लैंड उच्च माध्यमिक विद्यालय के 16 छात्र-छात्राओं का सम्मान भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किए जाने पर किया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.