जिले के पीलीबंगा क्षेत्र की गलियों में बिना मास्क घूम रहे 2 संतों को वार्ड नंबर 35 की पार्षद पूनम महंत ने घेर लिया। पहले थप्पड़ जड़ा, फिर डंडे से पीटा। इसके बाद पूछा- मास्क कहा है। इसमें से एक संत ने गले में लिपटे कपड़े की ओर इशारा किया। पार्षद ने बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मास्क लगाने को कहा। इस पूरे वाकये का वीडियो वायरल हुआ तो हलचल शुरू हो गई। कांग्रेस की टिकट पर जनवरी में ही पार्षद चुनी गईं किन्नर पूनम महंत ने बाकायदा सफाई भी दी है। उन्होंने कहा कि दोनों अज्ञात लोग बिना मास्क के घूम रहे थे, इसलिए उन्हें पकड़ लिया। घटना मंगलवार सुबह की है।
पार्षद ने सफाई में कहा कि दो अज्ञात लोग गली में घूमते दिख रहे थे। इस दौरान इनसे बात करने की कोशिश की तो दोनों ने कोई जवाब नहीं दिया। अज्ञात लोग कुछ गलत न कर दें, इस शंका में दोनों को पकड़कर बैठा लिया था। इस दौरान झड़प भी हो गई।
धौंस जमा रहीं
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पार्षद सड़क से जा रहे दो संतों को मास्क न लगा होने की वजह से डांट रही हैं। इस दौरान पूनम ने उन्हें थप्पड़ मारा, इसके बाद डंडे से भी मारा है। खास बात यह है कि इस दौरान पूनम ने खुद मास्क नहीं लगाया था। मास्क को लेकर दोनों संतों पर खूब धौंस जमा रही हैं।
दूसरा वीडियो
वीडियो वायरल होने के बाद पार्षद ने नाटकीय अंदाज में एक दूसरा वीडियो वायरल किया है। इसमें वह घर से निकलते साधू को मास्क देते नजर आ रही हैं। साथ ही मास्क लगाने की हिदायत भी दे रही हैं। इस वीडियो को कांग्रेस के ही वार्ड 4 के पार्षद लक्ष्मण गोयल ने अपने सोशल अकाउंट पर शेयर किया।
(रिपोर्ट- यश गुप्ता, पीलीबंगा)
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.