श्री अरोड़वंश सनातनधर्म मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नॉमिनेशन के अंतिम दिन तीन कैंडिडेट्स ने नॉमिनेशन के पांच सैट दाखिल किए। ट्रस्ट अध्यक्ष के चुनाव का शहर की राजनीति में महत्व देखते हुए शनिवार को पूरा दिन खूब गहमा गहमी रही। अध्यक्ष पद के लिए ज्वैलर अंकुर मंगलानी और व्यापारी मूलचंद गेरा मैदान में हैं। वहीं मगलानी की पत्नी मीनू मगलानी ने भी पर्चा दाखिल किया है। मंदिर परिसर स्थित ट्रस्ट के ऑफिस के बाहर सुबह से पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे के आसपास दोनों मुख्य कैंडिडेट्स गेरा और मगलानी नॉमिनेशन के लिए पहुंचे।
पहले गेरा और फिर पहुंचे मगलानी
अध्यक्ष पद के कैंडिडेट मूलचंद गेरा पहले नॉमिनेशन दाखिल करने पहुंचे। उन्होंने मंदिर में दर्शन किए तथा पर्चा दाखिल किया। उन्होंने नॉमिनेशन के दो सैट भरे हैं। वहीं इनके सामने चुनाव लड़ रहे अंकुर मगलानी इनके बाद नॉमिनेशन भरने पहुंचे। उन्होंने नॉमिनेशन के दो सैट दाखिल किए जबकि उनकी पत्नी मीनू मगलानी ने भी एक सैट दाखिल किया है। इस तरह तीन कैंडिडेट्स ने पांच नॉमिनेशन दाखिल किए।
जुलूस के रूप में पहुंचे मंदिर
अध्यक्ष पद के कैंडिडेट मगलानी के आवास पर सुबह से लोगों की रौनक जुटने लगी। वे दोपहर करीब बारह बजे जुलूस के रूप में नॉमिनेशन के लिए रवाना हुए। मुख्य बाजार में जगह-जगह व्यापारियों ने उनका स्वागत किया। मगलानी शहर के प्रमुख ज्वैलर हैं। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ नॉमिनेशन भरा। वहीं उनके सामने चुनाव लड़ रहे मूलचंद गेरा भी किन्नू ग्रेडिंग और वैक्सिंग से जुड़े व्यापारी हैं। उन्होंने भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ नॉमिनेशन दाखिल किया।
समर्थकों ने की नारेबाजी
मंदिर परिसर के बाहर दोनों कैंडिडेट्स के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। दोनों पक्षों की ओर से अपनी जीत के दावे किए गए तथा समाज के लोगों के समर्थन की बात कही।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.