श्री अरोड़वंश सनातनधर्म मंदिर ट्रस्ट का नया अध्यक्ष ज्वैलर अंकुर मगलानी को बनाया गया है। अरोड़वंश पब्लिक स्कूल में हुए चुनाव में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मूलचंद गेरा को 18 वोट से हराया। कुल 10633 वोट डाले गए। अंकुर को 5222 और मूलचंद गेरा को 5204 वोट मिले। 13 राउंड की काउंटिंग में हर बार अंकुर आगे रहे। मंगलवार अल सुबह उनकी जीत की घोषणा की गई।
पहली बढ़ी लीड, फिर कांटे का मुकाबला
रात आठ बजे काउंटिंग शुरू होने के साथ ही अंकुर ने बढ़त बनानी शुरू कर दी। हर राउंड के साथ अंकुर की जीत का अंतर बढ़ता चला गया। आठवें राउंड में अंकुर करीब आठ सौ से ज्यादा वोट से आगे चल रहे थे। नौवें राउंड में गेरा ने इस अंतर को कम कर दिया और यह करीब 500 वोट के आसपास रह गया। इसके बाद के राउंड में गेरा लगातार इस अंतर को कम करते चले गए। अंतिम राउंड में जीत के आंकड़े से महज 18 वोट दूर रह गए।
रात एक बजे अंकुर को विजयी बढ़त लेकिन घोषणा नहीं
रात करीब एक बजे काउंटिंग के अंतिम राउंड में अंकुर को 18 वोट से बढ़त मिलने की बात तय हो गई। इसके साथ ही यह भी तय हो गया था कि अंकुर ही अरोड़वंश के नए अध्यक्ष होंगे लेकिन अल सुबह तीन बजे तक इसकी घोषणा नहीं की गई। इस दौरान अंकुर ने काउंटिंग रूम के बाहर विक्ट्री साइन तो दिखाया लेकिन अधिकृत रूप से ट्रस्ट की ओर से इसकी घोषणा नहीं की गई। अल सुबह करीब तीन बजे तक इस संबंध में ट्रस्ट के मैंबर्स में रीकाउंटिंग करवाने सहित कई मुद्दों पर विचार-विमर्श चलता रहा। सुबह करीब तीन बजे चुनाव अधिकारी शरद अरोड़ा ने मगलानी के अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की।
घोषणा होते ही जमकर आतिशबाजी
काउंटिंग शुरू होने के साथ ही अध्यक्ष पद के कैंडिडेट अंकुर मगलानी के बढ़त बना लेने से उनके समर्थकों में शुरू से ही जोश था। उन्होंने जीत की अधिकृत घोषणा से पहले ही ढोल बजाकर खुशी मनाना और आतिशबाजी करना शुरू कर दिया। अधिकृत घोषणा होने के बाद तो अंकुर के समर्थकों का उत्साह दोगुना हो गया। उन्होंने ढोल की थाप पर नाचते-गाते खुशियां मनानी शुरू कर दी। विजेता रहे मगलानी को कंधे पर उठाकर जुलूस के रूप में ये लोग नाचते हुए खुशी मानते शहर की सड़कों पर निकले।
ये रहा वोटों का गणित
कुल वोट पड़े- 10633
अधिकृत वोट-10583
अंकुर मगलानी - 5222
मूलचंद गेरा -5204
मीनू मगलानी-39
रद्द हुए वोट-168
मगलानी के पिता और दादा भी रहे हैं अध्यक्ष
मगलानी के पिता रमेश मगलानी और दादा गिरधारीलाल मगलानी भी अरोड़वंश के अध्यक्ष रह चुके हैं। मगलानी पिछले चुनाव में निवर्तमान अध्यक्ष कपिल असीजा से पराजित हुए थे। इस बार मगलानी की जीत के साथ ही परिवार को एक बार फिर ट्रस्ट अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.