राजस्थान और पंजाब की मिली जुली संस्कृति वाले शहर श्रीगंगानगर में मंगलवार को देवी दुर्गा का दरबार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। इस बार यहां पाटलिपुत्र फाउंडेशन की ओर से सजे दरबार में देर रात बंगाल की परम्पराओं के अनुरूप देवी की आराधना की जाएगी। इसके तहत रात को निशा पूजा होगी। इसमें देवी की आरती विशेष विधि और विशेष प्रकार के धूप आदि से होगी। पाटलिपुत्र फाउंडेशन ने इस बार शहर में ऋद्धि सिद्धि आशियाना में गुड शैफर्ड स्कूल रोड पर देवी दुर्गा का दरबार स्थापित किया है। वहीं डी ब्लॉक में गांधी पार्क के सामने भी देवी का दरबार सजाया गया है।
दिन में हुए धार्मिक अनुष्ठान
शहर में पाटलिपुत्र फाउंडेशन की ओर से देवी प्रतिमाओं के निर्माण से लेकर अब तक लगातार धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। फाउंडेशन के ड्रीम सिटी स्थित भवन में इस बार मंगलवार सुबह से पूजा अर्चना के बाद देवी के दर्शन खोले गए। पूरा दिन श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते रहे। हनुमानगढ़ जिले के संगरिया के दयानंद शास्त्री ने विधिवत पूजा अर्चना के बाद पंडाल को दर्शनार्थ खोला।
यहां भी सजा दरबार
शहर में डी ब्लॉक में गांधी पार्क के सामने श्री दुर्गा पूजा एकता सेवा समिति की ओर से हो रहे आयोजन में भी बड़ी संख्या में शहर के लोग जुटे हुए हैं। यहां सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए हैं। पूरे दिन पूजा अर्चना का दौर चल रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.