इलाके में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे। बुधवार को एक बार फिर अपराधियों ने कस्बे के वार्ड तेईस में दिन दहाड़े एक व्यापारी के घर में घुसकर पिस्तौल कि नोक पर लूटपाट की। बदमाश करीब बीस मिनट तक घर के अंदर मौजूद महिला, नौकर और बच्चों को धमकाते रहे। नौकर से मारपीट की। अलमारी में रखे थैले खंगालते रहे और महिला के पहने हुए गहने लूट कर फरार हो गए। घटना के बाद कस्बे में सनसनी फैल गई।
पता पूछने के बहाने पहुंचे घर में
कस्बे के वार्ड 23 में बुधवार दोपहर दो युवक किसी के मकान का पता पूछने के बहाने व्यापारी अशोक मोदी के घर पहुंचे। घर में मौजूद व्यापारी कि पत्नी अन्तिमा ने दरवाजा खोला तो दोनो युवक पिस्तौल दिखाकर जबरदस्ती धक्का देकर घर में घुस गए। बदमाशों ने घर में घुसने के बाद अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। दोनो युवकों ने चेहरे पर मास्क लगा रखे थे। कंधे पर बैग लगा रखा था। हाथों में कागजात ले रखे थे। दिखने में सर्वेयर जैसे नजर आ रहे थे। घटना के समय व्यापारी अशोक मोदी अनाज मंडी स्थित अपनी दुकान में थे। घर में महिला अन्तिमा के अलावा उसके दो बच्चे व एक नौकर मौजूद था।
बंधक बनाकर गहने लूटे
दोनो युवकों ने घर में मौजूद महिला अंतिमा व नौकर के हाथ बांध दिए। मुंह पर टेप लगा दी और दोनो बच्चों में से एक को बांध दिया। युवकों ने महिला के हाथों में पहने सोने के कड़े व अन्य गहने निकाल लिए। दोनो युवकों ने महिला से घर में अन्य सामान के बारे में पूछा। युवकों ने आलमारी कि तलाशी ली। उसमें रखे थैले को खंगाला मगर कुछ नही मिला। दोनो युवकों ने शौर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी। घटना को अंजाम देने के बाद महिला व दोनो बच्चों को कमरे में बंद कर दिया। नौकर को पेट के बल घर में बने हॉल में लेटा दिया। युवकों ने नौकर से मारपीट भी की।
मेन गेट बंद कर हुए फरार
घटना के बाद दोनो युवक घर का मेन गेट बंद कर फरार हो गये। युवकों ने करीब 20 मिनट में वारदात को अंजाम दिया। दोनो युवकों के चले जाने के बाद नौकर ने किसी तरह कमरे का गेट खोला और महिला अन्तिमा व उसके बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद अन्तिमा ने परिवारजनों को घटना कि सूचना दी। घटना कि जानकारी मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगो की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
सूचना मिलने के बाद एएसपी नरेन्द्र मीणा, भादरा डीएसपी सुनील कुमार, नोहर थाना प्रभारी विरेन्द्रसिंह नरूका मौके पर पहुंचे और ्घटना कि जानकारी ली। पुलिस ने आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरो के फुटेज भी खंगाले। एक फुटेज में दो संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं। दोनो युवकों ने गली में कई चक्कर लगाए। घटना के बाद विधायक अमित चाचाण ने भी पुलिस के आला अधिकारियों से बात कर दिशा-निर्देश दिए।
बुधवार को दोनो युवकों ने जिस व्यापारी के घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया वह गली कस्बे की व्यस्ततम गली है। व्यापारी अशोक मोदी की अनाज मंडी में आढ़त कि दुकान है। घटना के बाद पुलिस ने नाकेबंदी करवाई लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं मिला। घटना के बाद दोनो बच्चे सहमे हुए हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.