श्रीगंगानगर। शहर में मंगलवार को पुरानी शुगर मिल के पास करीब नौ माह का कन्या भ्रूण मिला है। सुबह इस इलाके में सफाई के लिए आए कर्मचारी को यह कन्या भ्रूण नजर आया। इस पर उसने इसकी सूचना आसपास के लेागों और जवाहर नगर पुलिस को दी। पुलिस ने भ्रूण का डीएनए सैंपल ले लिया है तथा इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने की पूछताछ
सुबह सूचना मिलने के साथ ही जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लिया। इसे नाली से बाहर निकलवाया गया। आसपास के लोगों से इस संबंध में पूछताछ की गई लेकिन कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई। यह कन्या भ्रूण किसी अज्ञात के देर रात यहां छोड़े जाने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। अब तक कोई पुख्ता सबूत अथवा इस भ्रूण को यहां छोड़ने वाले के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.