श्रीगंगानगर के श्रीबिजयनगर में सब्जी मंडी चौराहे पर लगे एक डेयरी बूथ को एक जगह से दूसरी जगह लगाने के विवाद में रविवार को बूथ संचालक के वर्कर और मजदूर आमने-सामने हो गए। दोनों ओर से लाठियां चली और बूथ संचालक के पक्ष का एक आदमी घायल हो गया। इस संबंध में अब तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
असल में नगर पालिका सब्जी मंडी चौराहे पर डेयरी बूथ के आसपास सड़क बना रही है। ऐसे में पालिका ने यहां लगे बूथ को अगले चौराहे पर शिफ्ट करने के लिए संबंधित बूथ संचालक को कहा। बूथ संचालक तैयार भी हो गया लेकिन जिस चौराहे पर शिफ्ट किया जाना था, वहां मजदूरों के बैठने की जगह होने के कारण वे ऐसा नहीं होने देना चाहते थे। ऐसे में उन्होंने शुरू से ही इसके लिए मना किया था। इसके बाद भी जब रविवार को बूथ संचालक के वर्कर बूथ को शिफ्ट करवाने के लिए संबंधित इलाके में पहुंच गए तो दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
बूथ लगाने का मजदूरों ने किया था विरोध
श्रीबिजयनगर के सब्जी मंडी चौराहे पर अंजू मिड्ढा के नाम से डेयरी बूथ अलॉट है। इस चौराहे पर सड़क बनाए जाने के कारण नगर परिषद ने इस बूथ को अगले चौराहे पर लगाने के लिए कहा था। बूथ संचालक ने इसकी सहमति भी दे दी। जब बूथ को अगले चौराहे पर शिफ्ट करने के लिए मिड्ढा के वर्कर पहुंचे तो मजदूरों ने विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि वे यहां हर दिन बैठते हैं। ऐसे में इस तरह यहां बूथ लगा देना उचित नहीं है। इसके बावजूद रविवार को मिड्ढा के वर्कर बूथ लगाने के लिए मौके पर पहुंच गए। ये लोग बूथ लगाने लगे तो मजदूरों ने इसे पलट दिया। इस पर मिड्ढा के वर्कर मजदूरों के सामने हो गए। थोड़ी ही देर में दोनों के बीच लाठियां चल पड़ी। इसी दौरान चोट लगने से मिड्ढा का एक वर्कर घायल भी हो गया।
पुलिस को दी सूचना
चौराहे पर विवाद के चलते लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने दोनों पक्षों को कंट्रोल किया और घायल को अस्पताल पहुंचाया। सीआई रामचंद्र कस्वां ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। अब पुलिस टीम भेजकर मौके पर हालात कंट्रोल कर लिए हैं। सरस बूथ को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.