डंपर की टक्कर से कार सवार युवक की मौत:एक घायल अस्पताल में भर्ती, 2 युवक हुए फरार

टोंक10 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
टोंक के घाड़ थाना क्षेत्र से गुजर रहे NH-52 पर शुक्रवार देर रात अज्ञात डंपर की टक्कर से कार में सवार युवक की मौत हो गई। - Dainik Bhaskar
टोंक के घाड़ थाना क्षेत्र से गुजर रहे NH-52 पर शुक्रवार देर रात अज्ञात डंपर की टक्कर से कार में सवार युवक की मौत हो गई।

टोंक के घाड़ थाना क्षेत्र से गुजर रहे NH-52 पर शुक्रवार देर रात अज्ञात डंपर की टक्कर से कार में सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घाड़ थाना क्षेत्र की सरोली पुलिस चौकी के कॉन्स्टेबल बजरंग लाल मीणा ने बताया कि शुक्रवार देर रात को एक कार में सवार होकर 4 युवक सरोली से टोंक की तरफ जा रहे थे। इसी बीच आमली नयागांव कट के पास पीछे से आ रहा डंपर कार को टक्कर मारकर फरार हो गया। इसमें कार में सवार परशुराम मीणा (25) पुत्र रामराज मीणा निवासी धाकडियावास कंवरपुरा पुलिस थाना घाड की मौके पर मौत हो गई। वहीं, गणेश पुत्र शिवजी लाल जाट निवासी परासिया थाना मेहंदवास घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों की सहायता से एंबुलेंस से टोंक के सआदत अस्पताल में भिजवाया। जहां औपचारिकता पूर्वक परशुराम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने शनिवार सुबह परशुराम का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद कार में सवार दो अन्य युवक भी भाग छूटे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ये युवक टोंक की ओर इतनी रात को कहां जा रहे थे। वहीं, दुर्घटना में थार में काफी नुकसान हुआ है।

फोटो : भागीरथ वैष्णव, निवारिया