राहुल गांधी की एक झलक देखने उमड़े ग्रामीण:टोंक जिले में सचिन पायलट के समर्थन में लगे नारे, मुख्यमंत्री बनाने की मांग

टोंक6 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
भारत जोड़ो यात्रा में महिला शक्ति पदयात्रा के दिन राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, उनकी बेटी मिराया समेत कई महिलाएं अग्रिम पंक्ति में चल रही हैं। - Dainik Bhaskar
भारत जोड़ो यात्रा में महिला शक्ति पदयात्रा के दिन राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, उनकी बेटी मिराया समेत कई महिलाएं अग्रिम पंक्ति में चल रही हैं।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सोमवार को सुबह करीब 6.45 बजे बूंदी जिले से टोंक जिले में प्रवेश हुई। यात्रा में महिलाओं के लिए समर्पित दिन को महिला शक्ति पद यात्रा का नाम दिया गया था। इस दौरान यात्रा में प्रियंका गांधी और उनकी बेटी मिराया भी राहुल के साथ नजर आईं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा टोंक जिले की सीमा में कहीं भी नहीं रुकी और पौने तीन किमी. का सफर करीब 45 मिनट में पूरा कर सवाई माधोपुर जिले में प्रवेश कर गई। इस दौरान राहुल और प्रियंका ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने इच्छा जताई कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें। इस दौरान युवाओं के एक ग्रुप में सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लगाए और पायलट को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की। सचिन पायलट के समर्थक उनके कटआउट लेकर चलते नजर आ रहे हैं।

भारत जोड़ो यात्रा में सचिन पायलट के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए और पायलट के कटआउट लेकर चल रहे थे।
भारत जोड़ो यात्रा में सचिन पायलट के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए और पायलट के कटआउट लेकर चल रहे थे।

भारत जोड़ो यात्रा में सोमवार को राहुल गांधी के साथ अग्रिम पंक्ति में महिलाएं रही। इस दौरान लोगों में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को नजदीक से देखने की होड़ रही। राहुल गांधी भी लोगों की भावना को देखते हुए कुछ बच्चों, महिलाओं और पुरुषों से मिले। जयराम रमेश यात्रा के आगे चल रहे थे। टोंक जिले में यात्रा के प्रवेश करने पर पूर्व मंत्री नमोनारायण मीना समेत कांग्रेसी कार्यकर्ताओ ने उनका स्वागत किया। जयराम रमेश ने नमोनारायण मीणा को गले लगाया। करीब 10 मिनट बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनकी बेटी मिराया सुरक्षा घेरे में आई।

भारत जोड़ो यात्रा के रास्ते में कांग्रेसी कार्यकर्ता घरों की छतों पर भारत जोड़ो यात्रा का झंडा लहराते नजर आए।
भारत जोड़ो यात्रा के रास्ते में कांग्रेसी कार्यकर्ता घरों की छतों पर भारत जोड़ो यात्रा का झंडा लहराते नजर आए।

टोंक जिले में भारत जोड़ो यात्रा के पहुंचने पर प्रवेश द्वार के पास उनियारा MLA हरिश्चंद्र मीना सुरक्षा घेरे में राहुल से मिलने घुस गए तो सुरक्षा कर्मियों ने उनको रोक लिया। जब राहुल गांधी को इसका पता लगा तो मीणा को बुलाया और थोड़ी देर उनसे बातचीत की। यात्रा के टोंक आने पर महिलाओं और पुरुषों ने राहुल गांधी के सम्मान में राजस्थानी गीत गाए। राहुल गांधी भी भीड़ को देखकर बेहद खुश नजर आए। यात्रा में राजस्व मंत्री रामलाल जाट, विधायक दिव्या मदेरणा समेत जिले के कई नेता मौजूद रहे।

भारत जोड़ो यात्रा के रास्ते में महिलाएं और बच्चे खड़े थे, जो राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे।
भारत जोड़ो यात्रा के रास्ते में महिलाएं और बच्चे खड़े थे, जो राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए उत्साहित दिखे।

बिना कप्तान के अलग-थलग दिखे कांग्रेसी
जिले में लंबे समय से कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी भंग है। ऐसे में राहुल गांधी की यात्रा को लेकर भी संगठन स्तर पर बड़ी तैयारी नहीं हुई है। कुछ दिन पहले जिला प्रभारी सालेह मोहम्मद समेत कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष ने अपने कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर यात्रा को सफल बनाने की बात कही, लेकिन जिला स्तर पर इसकी कोई रूपरेखा नहीं बनाई। कितने वाहनों से कितने लोग यात्रा में शामिल होंगे, कितने वाहन कहां-कहां से जाएंगे आदि बिंदुओं पर भी जिले के नेताओं ने एक साथ बैठकर चर्चा नहीं की।

राहुल गांधी की यात्रा टोंक जिले में कहीं भी नहीं रुकी। इस दौरान राहुल गांधी हाथ हिलाकर लोगों को अभिवादन कर रहे थे।
राहुल गांधी की यात्रा टोंक जिले में कहीं भी नहीं रुकी। इस दौरान राहुल गांधी हाथ हिलाकर लोगों को अभिवादन कर रहे थे।

रंग-बिरंगी पोशाक में दिखे ग्रामीण
भारत जोड़ो यात्रा को देखने के लिए ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखा गया। सर्दी की परवाह किए बिना ही कई लोग रात में तो कई लोग अल सुबह सेदरी गुजरान गांव पहुंच गए। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र के लोग रंग-बिरंगी पोशाक में नजर आए। ग्रामीण जगदीश मीना ने बताया कि राहुल गांधी को देखकर बहुत अच्छा लगा। 50 साल पहले इनके पिता राजीव गांधी को दिल्ली देखने गया था। राहुल गांधी भी उनकी तरह लगते हैं। राहुल गांधी भी प्रधानमंत्री बनें तो हमें खुशी होगी।