टोंक में बादल छाने से बढ़ी किसानों की चिंता:बारिश से फसलों को होगा नुकसान, लागत निकालना भी हो जाएगा मुश्किल

टोंक10 दिन पहले
  • कॉपी लिंक
आसमान में बादल छाने से किसानों को बची हुई फसल के खराब होने की चिंता सताने लगी है।

टोंक जिला मुख्यालय समेत जिले भर में सुबह से ही मौसम में बदलाव आया है। बादल छाने से किसानों की एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। किसानों को बेमौसम बारिश होने से खेतों में काटी जा रही या कटी पड़ी सरसों की फसल के साथ ही अन्य फसलें भी खराब होने की आशंका है। उधर, बादल छाने से एक बार फिर मौसम में ठंडक बन गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

टोंक जिले में इस बार मावठ सही समय पर नहीं हुई। फसल पकने और फसल कटाई के दौरान बारिश होने से फसलों को नुकसान हुआ है। करीब सप्ताह भर पहले भी 2 दिन तक बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से फसलें खराब हो गई है। अब एक बार फिर मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार जिले में कई जगह बारिश होने की संभावना है। बीती रात से ही बादल छाए हुए हैं, जिसके कारण किसानों का बारिश का डर सता रहा है।

किसानों ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश ने सरसों की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। कई किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी है और कई किसान अभी फसल काटने में लगे हैं। अगर बारिश हो जाती है तो बची हुई फसल भी खराब हो जाएगी। ऐसे में फसल की लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा।