गोगुंदा के खेड़ा गांव में दो युवकों में खूनी संघर्ष हुआ। जिसमें एक युवक के सिर में गम्भीर चोटें आई। इस पर युवक ने बुधवार को ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर थानाधिकारी प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. सुशील कुमार जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। झगड़े में देवड़ा का खेड़ा निवासी नोजा राम पिता भग्गा गमेती उम्र 54 वर्ष की मौत हो गई।
मामले को लेकर मिली जानकारी में सामने आया कि दल्ला गमेती पिता हरिया गमेती और नोजा राम पिता भग्गा गमेती के बीच आपसी रंजिश के चलते मंगलवार देर शाम खेत पर जाते समय दोनों के बीच गाली गलौज हो गई। कुछ देर में यह झगड़ा हाथापाई में बदल गया। उसी दौरान दल्ला ने आवेश में आकर नोजा राम के सिर में कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे नोजराम गम्भीर घायल हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल अवस्था में नोजाराम को गोगुंदा सीएचसी पहुंचाया।
जहां से डॉक्टरों ने गम्भीर हालत देखते हुए उदयपुर के एमबी अस्पताल रैफर कर दिया। जहां ईलाज के दौरान नोजा राम की मौत हो गई। थाने के एएसआई नंद लाल नागदा ने बताया कि नोजराम खेत की तरफ़ जा रहा था तभी दल्ला ने उसे बुलाया और गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। जानकारी के अनुसार नोजाराम को दल्ला पर शक था कि उसका अपनी पत्नी से कोई मेल मिलाप चल रहा हैं। इसी शक को लेकर दोनों के बीच विवाद था।
प्रशिक्षु आईपीएस थानाधिकारी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि मृतक का शव उदयपुर मोर्चरी में रखवाकर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। साथ ही आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें तैयार कर भेजी गई हैं। पुलिस ने मृतक नोजाराम के भाई नानालाल की रिपोर्ट पर 302 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
इनपुट : सौरभ पाराशर।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.