आगरा में आलू किसान की हवेली पर रविवार देर रात 30 लाख की चोरी हो गई। साथ ही चोर हवेली में रखा 60 किलो घी भी उठा ले गए। चोर 10 फुट ऊंची दीवार फांद कर छत पर आए। उसके बाद कुंडी काटकर सीढ़ी के रास्ते नीचे आ गए।
किसान का परिवार सोमवार को जब सोकर उठा तो उसको मामले की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। मामला आगरा के एतमादपुर के गांव नगला का है।
सुबह उठकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था
आलू किसान छत्रपाल ने बताया, रविवार को हम सभी लोग बाहर रिश्तेदारी में गए हुए थे। रात में जब वापस आए तो हवेली पर सबकुछ ठीक था। उसके बाद सभी लोग सो गए। थकावट थी इसलिए सोमवार को थोड़ा देर में उठे। सुबह उठकर जब कमरे के बाहर निकले तो किचन और उसके बगल वाले कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। मैंने कमरे के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी के दरवाजे खुले थे। मैंने चिल्लाकर पत्नी को बुलाया। उसने अपना बक्शा खोलकर देखा तो दंग रह गई। बक्शे में रखे सारे जेवर गायब थे। सोना-चांदी, पैसा सब गायब था। अलमारी में रखे सारे महंगे कपड़े गायब थे। कैश हम लोगों का गिना नहीं था लेकिन जितना भी रखा था वो भी गायब था। चोरों ने घर में रखी ढाई किलो चांदी और 50 तोला सोना पार कर दिया था।
उसके बाद मेरी पत्नी किचन में गई तो वहां रखी 10-10 किलो की 6 पेटी देशी घी की गायब थी। किचन में रखे बर्तन और कीमती सामान गायब था। घर में हुई चोरी की घटना की सूचना हम लोगों ने पुलिस को दी। किसान का कहना है, हमें चोरों की सही संख्या तो नहीं पता लेकिन जिस तरह से उन लोगों ने सामान चोरी किया है उससे लग रहा है उनकी संख्या 10 से 11 रही होगी।
जल्द ही चोरों का पता लगाया जाएगा, खुलासा होगा
मामले में एसपी देहात सत्यजीत गुप्ता ने बताया, मामले में तहरीर मिल गई है। मामले की जांच कर जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा। सीढ़ियों और छत से फिंगर प्रिंट लिए गए हैं। परिवार ने किसी पर शक भी जाहिर नहीं किया है। जल्द से जल्द चोरों को पता लगाया जाएगा। सारा सामान भी बरामद कर लिया जाएगा। आसपास के जिले की पुलिस को भी जानकारी दे दी गई है।
हवेली में हैं 25 कमरे, घटना के समय सब सो रहे थे
छत्रपाल के महीपाल, राजकुमार, धर्मवीर, रणवीर और योगेंद्र सहित 6 भाई हैं। सभी की शादी हो चुकी है। पूरा परिवार अपनी हवेली में रहता है। हवेली में करीब 25 कमरे हैं। चोरी के समय सभी अपने-अपने कमरे में सो रहे थे। चोर छत के रास्ते से नीचे ताला काटकर आए और घटना को अंजाम दिया।
चोरों ने घर के अंदर घुस कीमतों सामानों को किया पार
चोरों ने छत्रपाल की हवेली से सोने का हार, चेन, मटर माला, 10 चूड़ी सोने की, 20 अंगूठी सोने की, 2 मंगल सूत्र, हाथ का फूल सोने का, 4 जोड़ी झुमकी सोने की, 2 सोने की माला, 2 कनोती और मांग का टीका चोरी किया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.