उत्तर प्रदेश के आगरा में डराने वाली वारदात हुई। यहां 5 साल की बच्ची से रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। बच्ची परिवार के साथ शादी में शामिल होने के लिए आई थी। हैवानों ने शादी से ही बच्ची को किडनैप किया। सुबह शादी के कार्यक्रम स्थल से करीब 300 मीटर की दूरी पर बच्ची का शव मिला। बच्ची के शव पर कपड़े नहीं थे।
वारदात आगरा के थाना मलपुरा की है। बुधवार को यहां एक शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए दुल्हन का चचेरा भाई अपनी पांच साल की बेटी और परिवार के साथ शामिल हुआ था। बच्ची के पिता का कहना है कि रात 11 बजे तक बच्ची DJ पर डांस कर रही थी। इसके बाद अचानक वह गायब हो गई। काफी तलााश की। मगर, उसका कहीं सुराग नहीं लगा। सुबह तक जब बच्ची नहीं मिली तो घरवालों ने स्थानीय पुलिस चौकी पर बच्ची के लापता होने की सूचना दी।
खेत में निर्वस्त्र मिला बच्ची का शव
गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गांव से ही किसी ने पुलिस को बताया कि सरसों के खेत में एक बच्ची का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस और बच्ची के घरवाले पहुंच गए। बच्ची का शव झाड़ियों में था और उसके तन पर आधे-अधूरे कपड़े थे। पिता का कहना है कि बच्ची के साथ रेप हुआ है। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। जहां बच्ची का शव मिला है, वो स्थान शादी समारोह की जगह से करीब 300 मीटर दूर है।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
रेप के बाद बच्ची की हत्या की सूचना पर एसएसपी सुधीर कुमार फोर्स सहित पहुंच गए। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। एसएसपी का कहना है कि पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं। पुलिस शादी में आए रिश्तेदारों के बारे में जानकारी कर रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
क्लास-1 की छात्रा थी बच्ची
रेप की शिकार बच्ची क्लास-1 की छात्रा थी। पांच भाई-बहनों में वह तीसरे नंबर की थी। बच्ची के पिता एक प्राइवेट कॉलेज में सफाईकर्मी के रूप में काम करते हैं। जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.