आगरा के डीएम प्रभु एन सिंह का तबादला हो गया है। उनकी जगह मथुरा के डीएम नवनीत चहल को आगरा का डीएम बनाया गया है। प्रभु एन सिंह को राजस्व विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है।
आगरा के डीएम प्रभु एन सिंह का 32 माह के कार्यकाल के बाद शनिवार देर रात को शासन ने ट्रांसफर कर दिया। प्रभु एन सिंह को 2 जनवरी 2020 को एनजी रवि कुमार की जगह आगरा का डीएम बनाया गया था। उनके डीएम बनने के बाद ही कोरोना संक्रमण काल आ गया था। प्रभु एन सिंह के आगरा मॉडल की जमकर सराहना हुई थी।
मगर कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी के चलते पारस हॉस्पीटल में मॉक ड्रिल में मरीजों की मौत पर बवाल मचा था। इसको लेकर डीएम पर भी सवाल खडे़ हुए थे। हॉस्पीटल को जांच में क्लीन चिट दे दी गई। डीएम के कार्यकाल में विधानसभा चुनाव के बाद दोबारा योगी सरकार बनी। ऐसे में माना जा रहा था कि डीएम का तबादला हो सकता है, लेकिन उस समय मुख्यमंत्री ने प्रभु एन सिंह को ही जिले की कमान सौंपे रखी। अब नगर निगम चुनाव से पहले शासन ने कई जिलों के डीएम को बदल दिया है।
मथुरा के डीएम आए आगरा
मथुरा के डीएम नवनीत सिंह चहल को आगरा का नया डीएम बनाया गया है। नवनीत सिंह को पिछले साल जनवरी में मथुरा का डीएम बनाया गया था। पिछले दिनों जन्माष्टमी पर वृंदावन मंदिर में भगदड़ में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। जिस समय हादसा हुआ था, उस समय डीएम नवनीत सिंह और एसएसपी अभिषेक यादव वीआईपी दर्शन कर रहे थे। इसको लेकर डीएम पर सवाल खडे़ हुए थे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.