मैक्सिको के एक प्रेमी जोड़े में आगरा में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। वैदिक मंत्रों के बीच अग्नि के सात फेरे लिए। दूल्हा रिक्शे पर बैठकर आया। गाइड, ड्राइवर और अन्य भारतीय साथी बाराती बने। गुरुवार देर रात तक गीत-संगीत और डांस हुआ।
मैक्सिको के रहने वाले दूल्हा सेरेमिको और दुल्हन क्लाउडिया ने बताया, "हमारे बीच 10 साल पहले प्रेम हुआ था। लिव-इन में रहना शुरू किया। उसी दौरान ताजमहल और भारतीय हिन्दू संस्कृति के बारे में पढ़ा। जब हमें पता चला की सात फेरे लेकर पूरे रीति-रिवाज से शादी करने पर सात जन्मों तक एक दूसरे का साथ मिलता है, तो हमने भारत आकर ताजमहल का दीदार किया। इसके बाद शादी का प्लान बनाया। सुबह सूर्योदय के समय ताजमहल देखने के बाद मंदिर में शादी की।"
कपल को यह लगता है कि मोहब्बत की निशानी के सामने भारतीय संस्कृति से शादी करने पर वह जन्मों तक एक दूसरे के साथ रहेंगे और उनके बीच कभी प्यार कम नहीं होगा।
पंडित ने पढ़े मंत्र
विदेशी कपल ने आगरा के प्रिया होटल के मालिक गौरव गुप्ता से संपर्क किया। इसके बाद पास ही एक मंदिर में उन्होंने पंडित की मौजूदगी में सारे रीति-रिवाजों के साथ फेरे लिए। शादी के दौरान उनके गाइड, उनके ड्राइवर और आगरा में जो भी लोग उनके संपर्क में आए सभी परिवार सहित शामिल हुए। इसके अलावा मैक्सिको से उनके खास 20 लोग शादी में शामिल हुए। सभी ने खास रिश्तेदारों की तरह रस्में निभाई।
गाजे-बाजे के साथ द्वारचार लगा। इस दौरान दूल्हे और दुल्हन ने दीपक जलाया। फिर गांठ बांधने की रस्म हुई। इसके बाद दूल्हे ने दुल्हन को मंगल सूत्र पहनाया और मांग में सिंदूर भरा। सात फेरों के साथ-साथ सात जन्म साथ रहने की मन्नत मांगी। रात में डिनर सेरेमनी के समय जमकर डांस हुआ। शादी के बाद विदाई के लिए सजाए हुए तांगे का इस्तेमाल हुआ।
तस्वीरों में देखिए विदेशी कपल की शादी की रस्में...
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.