आगरा के शाहगंज में मंगलवार की आधी रात को सवारी बनकर बैठे लोगों ने ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। शव आटो में ही लहूलुहान हालत में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। हत्या के पीछे रंजिश की आशंका जताई गई है।
जगदीशपुरा के बिचपुरी निवासी 50 वर्षीय हरिओम उर्फ कलुआ ऑटो चालक थे। वह किराये पर भी ऑटो चलवाते थे। मृतक के बेटे ने बताया कि मंगलवार को दोपहर में ढाई बजे पापा घर पर खाना खाने आए थे। तीन बजे फिर चले गए। अक्सर वो रात को नौ बजे तक घर लौट आते थे।
कल रात को उसने सवा नौ बजे फोन किया तो पापा ने कहा कि रास्ते में हैं। दवाई लेकर आ रहे हैं। मगर, वो नहीं आए। इसके बाद उसने फिर फोन किया तो फोन नहीं उठा। रात करीब 11 बजे फोन किया तो पुलिस ने उठाया, कहा कि तुम्हारे पापा का झगड़ा हो गया है। थाने आ जाओ।
आटो में मिला शव
पुलिस ने बताया कि पता चला है कि बिचपुरी रेलवे स्टेशन से एक सवारी बोदला के लिए ऑटो में बैठी थी। उसको लेकर वो चले थे। देर रात में वायु विहार रेलवे फाटक के पास उनका शव चालक सीट पर मिला। ऐसा लगा रहा था कि वो हैंडिल पर सिर रख कर सो रहे हैं।
मगर, जब लोगों ने देखा तो पता चला कि उसकी हत्या कर दी गई है। चालक के पीछे से सिर में गोली मारी गई थी। चालक की जेब मे 14 हज़ार रुपये रखे मिले। माना जा रहा है कि रंजिश में हत्या की गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.