आगरा में साले ने जीजा को मारी गोली:10 महीने पहले बहन ने लव मैरिज की थी, तीन दिन से बहन के घर रह रहा था आरोपी

आगरा9 दिन पहले

आगरा में बहन की लव मैरिज से नाराज भाई ने अपने जीजा राज का मर्डर कर दिया। सोमवार रात करीब 1 बजे साला शिव शंकर कमरे में सो रहे जीजा के सीने में गोली मारकर फरार हो गया। गोली की आवाज सुन परिवार वाले मौके पर पहुंचे। लहूलुहान राज को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं गर्भवती पत्नी की भी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टर के मुताबिक, महिला की डिलीवरी भी इसी सप्ताह होनी है। मामला सदर थाना क्षेत्र के गांव रोहता का है। बताया जा रहा है कि आरोपी शिव शंकर 3 दिन से बहन के घर पर रह रहा था।

10 महीने पहले बहन ने की थी शादी

आनन-फानन में परिजन राज को लेकर अस्पताल पहुंचे।
आनन-फानन में परिजन राज को लेकर अस्पताल पहुंचे।

राजस्थान के धौलपुर के बाड़ी बसेड़ी के रहने वाले राज (25) ने 10 महीने पहले आगरा के जगनेर के तातंपुर की रहने वाली रामा (23) से लव मैरिज की थी। लव मैरिज से पहले रामा ने अपने घरवालों को मनाने का कोशिश की थी, लेकिन वो लोग नहीं माने। इसके बावजूद दोनों ने शादी कर ली। इससे रामा का छोटा भाई शिव शंकर नाराज था। शादी के बाद राज पत्नी रामा के साथ सदर थाना क्षेत्र के रोहता में रहने लगा।

यह फोटो अस्पताल में पहुंची पुलिस टीम की है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
यह फोटो अस्पताल में पहुंची पुलिस टीम की है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।

साथ में रह रहा था साला
जिस घर में राज रह रहा था, वहां के दूसरे किराएदार योगेश ने बताया कि राज और रामा 10 दिन पहले ही यहां पर किराए पर आए थे। राज हैदराबाद में पत्थर का काम करता था। पत्नी की डिलीवरी के लिए वो आगरा आया था। तीन दिन पहले राज ने पत्नी को लेडी लायल अस्पताल में दिखाया था। इसके बाद वो अपने गांव गया था।

योगेश ने बताया कि वहां पर उसकी मुलाकात साले शिव शंकर से हुई थी। शिव शंकर ने सारे गिले शिकवे भूलने और प्यार से रहने की बात कही थी। उसने राज से नौकरी दिलवाने की बात कही थी। इस पर राज उसे अपने साथ ले आया था। तीन दिन से शिव शंकर उनके साथ ही घर पर रह रहा था। रात में उसने पहले बाइक बाहर निकाली। इसके बाद राज के सीने में दो गोली मार दी।

पड़ोसी योगेश ने बताया कि राज के साथ रमा शंकर तीन दिन पहले आया था।
पड़ोसी योगेश ने बताया कि राज के साथ रमा शंकर तीन दिन पहले आया था।

मोहल्ले के लोगों ने वारदात की जानकारी पुलिस को दी। पति के मौत की खबर सुनकर पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद परिजनों ने उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। पड़ोसी योगेश ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर सभी लोग घरों से बाहर आ गए। कुछ लोगों ने शिव शंकर को भागते हुए भी देखा।

CCTV खंगाल रही पुलिस

ACP सदर अर्चना सिंह ने बताया, ''गांव रोहता में 10 दिन पहले ही राज और रामा किराए पर रहने आए थे। इससे पहले वो दोनों हैदराबाद में थे। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों बच्चे की डिलीवरी के लिए यहां आए थे। शुरुआती जांच में यही लग रहा है कि शिव शंकर ने गोली मारी है। उसको पकड़ने के लिए आस-पास लगे सीसीटीवी की जांच की जा रही है। उसकी बाइक का नंबर पता किया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।''