आगरा में दयालबाग क्षेत्र की करीब 34 कॉलोनियों में गंगाजल की मांग को लेकर 4 साल से लोग संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन लोगों को गंगाजल नहीं मिल पा रहा है। शुक्रवार को लोग प्रदर्शन करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंच गए। छत पर चढ़कर उन्होंने गंगाजल के नाम पर कालोनी वासियों को भेजे गए बिल की प्रतियां हवा में उड़ाईं। नगर निगम कर्मचारियों ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सौरभ चौधरी और उनके साथ मौजूद लोगों समझाया।
सौरभ चौधरी का कहना है कि लंबे समय से दयालबाग की करीब 34 कॉलोनियों के हजारों लोगों को गंगाजल नहीं मिला है। जबकि आगरा में कई जगह गंगा जल की आपूर्ति हो रही है। वहीं दूसरी तरफ जलकल विभाग की तरफ से लोगों को गंगाजल के नाम पर लाखों रुपए के बिल भेजे जा रहे हैं। ऐसे में शुक्रवार को हमने नगर निगम में प्रदर्शन किया। नगर निगम के अधिकारियों की आंखें खोलने के लिए छत से बिलों की छाया प्रतियों को हवा में उड़ाया।
इससे पहले भी सौरभ चौधरी क्षेत्रीय निवासियों के साथ नगर निगम में कई तरह के प्रदर्शन कर चुके हैं। कभी मटका फोड़ प्रदर्शन तो कभी धरना प्रदर्शन, लेकिन अभी तक क्षेत्रीय लोगों को गंगा जल की आपूर्ति नहीं हो पाई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.