हवाई यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर:आगरा से अहमदाबाद-मुंबई के लिए होगी सीधी उड़ान; 19 और 21 को शुरू हो रही फ्लाइट, हफ्ते में 3 दिन मिलेगी सुविधा

आगरा2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

आगरा से मुंबई और अहमदाबाद जाने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। आगरा से इन दोनों महानगरों के लिए जल्द ही फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है। इससे आगरा के कारोबारियों के साथ पर्यटन व्यवसाय को भी काफी फायदा होगा। आगरा से मुंबई की यात्रा अब महज दो घंटे 10 मिनट में पूरी हो जाएगी।

21 जुलाई से शुरू होगी आगरा से मुंबई फ्लाइट

आगरा से मुंबई की फ्लाइट 21 जुलाई से शुरू होगी। आगरा से मुंबई का सफर अब 2 घंटे 10 मिनट में पूरा होगा। मुंबई से इंडिगो की फ्लाइट सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर आगरा के लिए उड़ान भरेगी जो कि आगरा दोपहर 12:55 मिनट पर पहुंच जाएगी। आगरा से इंडिगो की फ्लाइट दोपहर 1:25 मिनट से मुंबई के लिए उड़ान भरेगी जो कि दोपहर 3:35 मिनट पर मुंबई पहुंच जाएगी। यह सेवा सप्ताह में 3 दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। इसका किराया 5319 रुपये होगा। टिकट बुकिंग शुरू हो गई है।

19 जुलाई से अहमदाबाद-आगरा की फ्लाइट

आगरा से अहमदाबाद फ्लाइट सेवा 19 जुलाई से शुरू हो रही है। इस सेवा के शुरू होने से आगरा से अहमदाबाद का सफर 2 घंटे 10 मिनट में तय होगा। आगरा के खेरिया एयरपोर्ट निदेशक ए. अंसारी के अनुसार आगरा से अहमदाबाद के लिए फ्लाइट शुरू की जा रही है। इससे आगरा से अहमदाबाद और अहमदाबाद से आगरा आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी। आगरा से अहमदाबाद के लिए फ्लाइट सप्ताह में 3 दिन सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को संचालित होगी। अहमदाबाद से फ्लाइट सुबह 8 बजे आगरा के लिए चलेगी जो कि यहां पर सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर आ जाएगी। इसके बाद आगरा से यही फ्लाइट 10 बजकर 30 मिनट पर चलेगी जो कि अहमदाबाद 12 बजकर 40 मिनट पर पहुंच जाएगी। इसका सेवर किराया 2799 रुपये रखा गया है।

टीकाकरण करा चुके लोगों को 10 फीसदी छूट भी

एयरलाइंस कंपनी इंडिगो ने अपने टिकट पर उन लोगों को 10 फीसदी की छूट देगी, जिन्होंने कोविड टीके की कम से कम एक खुराक लगवा ली है। यह छूट आधार (बेस) शुल्क पर दी जाएगी। इसके लिए परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा कोविड-19 टीकाकरण का वैध प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा आरोग्य सेतु मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए भी टीकाकरण का प्रमाण पत्र दिखाया जा सकता है।

खबरें और भी हैं...