आगरा के प्रिया नर्सिंग होम में हरियाणा और आगरा की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारकर डॉक्टर को पैसे लेकर लिंग परीक्षण करते हुए पकड़ लिया। टीम को अस्पताल से एक कन्या भ्रूण भी मिला है। बताया जा रहा है कि पहले भी अस्पताल में छापा मार कार्रवाई हो चुकी है।
आगरा के ट्रांस यमुना कालोनी स्थित स्थित प्रिया नर्सिंग होम पर हरियाणा की टीम ने छापा मार दिया। टीम अपने साथ आगरा सीएमओ और उनकी टीम को लेकर पहुंची थी। अस्पताल संचालक डॉ राजीव कुमार के द्वारा टीम के द्वारा भेजी गई डमी प्रेग्नेंट महिला के गर्भ का 10 हजार रुपये में लिंग परीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान एक अन्य महिला के गर्भ का भी लिंग परीक्षण किया गया था। पकड़े जाने पर पहले डॉ ने ऐंठ दिखाई पर बाद में गिड़गिड़ाने लगा।
लिंग परीक्षण के साथ भ्रूण हत्या भी करता था डॉक्टर
टीम को छापे के दौरान अस्पताल में एक कन्या का भ्रूण भी मिला है। टीम द्वारा बताया जा रहा है की अस्पताल में लिंग परीक्षण के बाद लड़की निकलने पर डॉ पैसे लेकर अबॉर्शन भी करता था। पूर्व में क्षेत्र में कई बार अलग-अलग जगहों पर भ्रूण भी मिल रहे थे। अस्पताल पर पूर्व में छापा भी पड़ा था। इसके बाद भी डॉ ने यह काम बंद नहीं किया था।
सीएमओ अरुण कुमार के अनुसार कार्रवाई अभी जारी है। डॉ से पूछताछ की जा रही है और अस्पताल के रिकार्ड चेक किये जा रहे हैं।
डॉक्टरों की मंडी बन गया है आगरा
मोहब्बत की निशानी ताजमहल के साथ अब आगरा डॉक्टरों की मंडी भी बन चुका है। मुख्य रूप से यमुना पार और आगरा दिल्ली हाइवे पर कदम - कदम पर अस्पताल बने हुए हैं। यहां लगातार अस्पतालों में मरीज के जीवन से खिलवाड़ के मामले सामने आते रहते हैं। बीते दस वर्षों में दर्जनों बार हरियाणा और राजस्थान की टीम आकर यहां लिंग परीक्षण के मामले पकड़ चुकी हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.