आगरा नगर निगम की टीम ने फाउंड्रीनगर में शुक्रवार को छापेमारी की। छापे के दौरान नगर निगम की टीम ने एक गोदाम से 10 क्विंटल सिंगल यूज पॉलीथिन बरामद की। गोदाम को सीज कर 2.5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
बता दें कि नगर निगम की टीम ने प्रतिबंधित पॉलीथिन पर रोकथाम के लिए फाउंड्रीनगर में गोदाम चेक किए। एक गोदाम में प्रतिबंधित पॉलीथिन के दर्जनों बोरे भरे हुए मिले। गोदाम से उसे लोकल मार्केट में खपाए जाने की तैयारी थी। टीम ने गोदाम को सीज कर दिया और पॉलीथिन को नगर निगम के स्टोर में भिजवा दिया।
नगर निगम की टीम गोदाम से मिले रजिस्टर के आधार पर यह पड़ताल कर रही है कि यह माल कहां से आया और कहां-कहां सप्लाई हो रहा था। रजिस्टर के आधार पर सूची तैयार कर उन स्थानों पर भी कार्रवाई होगी जहां इस माल की सप्लाई हो रही थी। नगर निगम की टीम ने अभी गोदाम मालिक के नाम का खुलासा नहीं किया है।
आगरा में नहीं रुक रहा प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल
सरकार और प्रशासन के कड़े रुख के बाद भी आगरा में प्रतिबंधित पॉलीथिन का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। राशन की दुकानों से लेकर ठेल-ढकेल पर प्रतिबंधित पॉलीथिनों में माल रखकर बेचा जा रहा है। नगर निगम की टीम जब कार्रवाई करती तो पॉलीथिन छिपा ली जाती हैं।
टीम के जाते ही उनका इस्तेमाल शुरू कर दिया जाता है। आगरा में माफिया बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित पॉलीथिन का कारोबार कर रहे हैं। सवाल उठता है कि कारखानों में पॉलीथिन तैयार होकर गोदामों तक पहुंच रही हैं। वहां से लोकल मार्केट में सप्लाई हो रही है। नगर निगम माफिया पर कोई अंकुश नहीं लगा पा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.