महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी पूनम यादव को उनके घर पर 14 दिन के लिए क्वारैंटाइन किया गया है। वह बुधवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे से आगरा लौटी हैं। इसके साथ ही 50 से ज्यादा देशों के टूरिस्टों की सैंपलिंग और विशेष स्क्रीनिंग के आदेश दिए गए हैं।
उधर, DM प्रभु नारायण सिंह ने पेट्रोल पंप संचालकों से वर्चुअल मीटिंग की। मीटिंग के दौरान तय हुआ कि पम्प संचालक अपने पेट्रोल पंप पर स्वयं सेवक नियुक्त करें। जो वहां आने वालों से वैक्सीनेशन कराने के बारे में पूछें। वैक्सीन न लगवाने वालों को भविष्य में पेट्रोल न देने की बात भी कहें। हालांकि, DM ने फिलहाल किसी को भी पेट्रोल देने से मना करने पर सहमति नहीं जताई है। आगरा के ईदगाह निवासी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी पूनम यादव चार दिन पूर्व ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद वापस आई हैं। दिल्ली में कोविड टेस्ट निगेटिव आने के बाद भी उन्हें कोरेन्टाइन किया गया है। वर्तमान में वो ईदगाह स्थित घर पर कोरेन्टाइन हैं, उन्होंने अपने घर पर ही प्रैक्टिस जारी रखी हुई है। पूनम की माता मुन्नी देवी उनके आने के बाद से बहुत खुश हैं और रोजाना उनके लिए उनकी पसंद का भोजन बना कर उन्हें खिला रही हैं।
आगरा में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
आगरा टूरिस्ट स्पॉट है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग आते हैं। इसीलिए कोविड को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसके नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। DM प्रभु नारायण सिंह ने विदेशी टूरिस्टों के आने के दौरान सभी स्मारकों पर सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ख्याल रखने की हिदायत दी है। जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह के अनुसार किसी भी पर्यटक में लक्षण दिखने पर उसे कोरेन्टाइन किया जाएगा , इसके लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वैक्सीन लगवाने वालों की रही भीड़
बुधवार को बड़ी संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने सेंटरों पर पहुंचे। इस दौरान बरौली अहीर के गांव तोरा में 91 साल की महिला दर्शन देवी ने भी अपने पूरे परिवार के साथ वैक्सीन लगवाई। ताज्जुब की बात यह थी कि सेंटर पर उनका क्रमांक भी 91 आया। दर्शन देवी के बेटे राजकुमार पचौरी ने बताया की पहले लोगों में डर था। लेकिन अब लोगों के दिलों से डर निकल गया है। हमारी मां ने लोगों को जागरूक करने के लिए वैक्सीन लगवाई है। उन्होंने लोगों से भी लगवाने की अपील की है। बुधवार को आगरा में 4578 लोगों द्वारा वैक्सीनेशनकरवाया गया है। इसमें दूसरी डोज के लोग भी शामिल हैं। अब तक प्रशासन द्वारा लगभग 3666000 के करीब वैक्सीनेशन किया जा चूका है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.