आगरा में बुधवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला गुरुवार को पूरे दिन बना रहा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गलन बढ़ने से ठंड बढ़ गई। वहीं, अलग-अलग जगह फुटपाथ पर दो लोगों के शव मिले। ठंड के चलते दो लोगों की मौत होने की बात कही जा रही है। प्रशासन ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गुरुवार को दिन भर होती रही बारिश
मौसम विभाग ने 11 जनवरी तक बारिश होने का अनुमान जताया है। ऐसे में बुधवार को हल्की बारिश हुई थी। मगर, गुरुवार अल सुबह से लगातार रिमझिम बारिश होती रही। गुरुवार को दिन भर बादल छाए रहे। सूरज दिखाई नहीं दिया। बारिश के चलते गलन बढ़ गई। लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव और हीटर का सहारा लेना पड़ा। गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 16.9 और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को भी बारिश के आसार हैं।
ठंड से दो लोगों की मौत
हरी पर्वत थाना अंतर्गत सेंट जोंस चौराहा और आगरा कॉलेज मैदान के बीच फुटपाथ पर गुरुवार सुबह 50 साल के व्यक्ति का शव मिला। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि मृतक भिखारी था। लोगों का कहना है कि ठंड के चलते उसकी मौत हुई है। ठंड के चलते वो बीमार था। वहीं बिजलीघर चौराहे पर 72 साल के बुजुर्ग का शव मिला था। फुटपाथ पर रहने वाले लोगों ने बताया था कि ठंड के चलते उसकी मौत हुई थी। मृतक की शिनाख्त राकेश शर्मा के रूप में हुई। वह उन्नाव के शुक्लागंज के रहने वाले थे। 20 साल पहले घर छोड़कर आ गए थे। पुलिस ने दोनों की मौत का कारण जानने के लिए दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.