आगरा के लोगों को मेट्रो का बेसब्री से इंतजार है। सोमवार को आगरा आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अगले वर्ष यहां मेट्रो दौड़ाने की घोषणा करके गए हैं। मेट्रो के कार्य पर एक नजर डालें तो यहां 3 स्टेशनों पर फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। आखिर आगरा मेट्रो के स्टेशन कैसे दिखेंगे, इसको लेकर भी मन में जिज्ञासा होती हैं।
आगरा मेट्रो रेल परियोजना के सिविल निर्माण कार्यों के शुरू होने के बाद लोगों उस वक्त का इंतजार कर रहे हैं, यहां वे कितने दिन बाद मेट्रो सफर कर सकेंगे। आगरा मेट्रो के स्टेशन कैसे दिखेंगे। आगरा मेट्रो के सभी स्टेशनों पर ग्राहक सेवा सहायक की तैनाती भी की जाएगी। सभी स्टेशनों पर साफ-सुथरे वॉशरूम की सुविधा भी उपलब्ध होगी। ऐसे में अब आगरा मेट्रो स्टेशन अंतिम रूप लेने लगे हैं। यूपी मेट्रो द्वारा आगरा शहर ऐतिहासिक विरासत को ध्यान में रखते हुए जाली का प्रयोग किया जा रहा है।
यात्री खुद खरीद सकेंगे टोकन और टिकट
बता दें कि ताज ईस्ट गेट से जामा मास्जिद के बीच बन रहे प्रायॉरिटी कॉरिडोर के ऐलिवेटिड भाग के स्टेशनों पर सिविल कार्य पूरा हो चुका है। अब यहां फिनिशिंग का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा हेतु लिफ्ट-एस्किलेटर लगाए गए हैं। सभी स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आकर्षक टिकट काउंटर होंगे। स्टेशन परिसर में ऑटोमैटिक टिकट/टोकन वेंडिंग मशीन भी होंगी। यात्री खुद टिकट/टोकन खरीद पाएंगे।
ट्रेन से जालियों में होकर दिखाई देंगे स्मारक
आगरा ऐतिहासिक विरासत को ट्रेन से दिखाई दें, उन स्थानों पर जाली लगाई जा रही हैं। यह जाली आगरा शहर की ऐतिहासिक विरासत से मिलते-जुलते लाल पत्थर एवं मार्बल से निर्मित है। यूपी मेट्रो द्वारा स्टेशन परिसर में जीआरसी निर्मित जालियों का प्रयोग कर ऐतिहासिक वास्तुकला को दर्शाने की कोशिश की जा रही है। जीआरसी निर्मित जालियां पारंपरिक जालियों का ईको-फ्रेंडसी विकल्प हैं।
बृज की संस्कृति दर्शाने को पेंटिंग बनाई जाएंगीं
ताज ईस्ट गेट, बसई और फतेहाबाद रोड स्टेशन को आगरा शहर के सांस्कृतिक मूल्य और विरासत को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं। इन स्टेशनों पर ब्रज क्षेत्र की संस्कृति को दर्शाने वाली पेंटिंग भी बनाई जाएंगी। इसके साथ ही आगरा के मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान में रखा गया है। सभी स्टेशनों पर यात्रियों एवं महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
29.4 किमी लम्बे दो कॉरिडोर बन रहे
गौरतलब है कि ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा। जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 किमी लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.