आगरा में संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय बलकेश्वर में शनिवार को महाविद्यालय का वार्षिक उत्सव 'अभिव्यक्ति 2023' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ डॉक्टर भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर आशू रानी ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय में सर्वाधिक अंक पाने वाली छात्रा, स्टूडेंट ऑफ द ईयर और प्रतियोगिताओं में विजयी छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रोफेसर रेखा रानी तिवारी, महाविद्यालय सचिव मनमोहन चावला और प्राचार्य डॉक्टर मोहिनी तिवारी मौजूद रहे।
प्रोफेसर आंसू रानी ने कहा कि आज बड़े हर्ष का विषय है कि महाविद्यालय अपना 18वां वार्षिक उत्सव मना रहा है। यह कन्या महाविद्यालय उन महाविद्यालय में से एक है जिसे देखकर अन्य विद्यालयों को प्रेरणा लेनी चाहिए। मुझे इस बात की खुशी है कि इसे नैक द्वारा बी ग्रेड प्राप्त हुआ है। आशा है कि इस बार महाविद्यालय को बी प्लस ग्रेड से ज्यादा ही मिलेगा। उन्होंने बताया कि छात्राओं को जो नहीं मिला, उसके लिए कभी पश्चाताप नहीं करना चाहिए। हम जिस जगह हैं, हमारा एडमिशन जहां हुआ है, वही हमारी कर्म भूमि है। हमें यहीं से उच्चतम स्तर पर पहुंचने का प्रयास करना है।
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर रेखा रानी तिवारी ने कहा कि इतना सुंदर सुसंस्कृत वातावरण बहुत कम ही देखने को मिलता है। लेकिन यहां पर सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों का इतना सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिससे मन बड़ा प्रसन्न हुआ। यह साधुवाद का विषय है। इसके लिए मैं तहे दिल से प्रशंसा करती हूं। वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिसमें अरुणाचल प्रदेश का समूह नृत्य, राजस्थानी नृत्य, दुर्गा तांडव एवं नृत्य नाटिका कृष्ण लीला, एकल नृत्य का आयोजन हुआ। छात्राओं की प्रस्तुति पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
संत रामकृष्ण महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में ई न्यूज लेटर जागृति का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में राजकुमार भसीन, डॉक्टर रमेश खनेजा, गीतम गोयल, डॉक्टर दीपक गोयल और विकास गुलाटी आदि लोग मौजूद रहे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.