विधवा महिला ने अधिवक्ता पर दर्ज कराया छेड़छाड़ का मुकदमा:पति की मौत पर अस्पताल पर कराया था मुकदमा, फाइल वापस करने को मांगे तीस हजार, मारपीट कर तोड़ी चेन

आगरा6 महीने पहले

आगरा में एक अधिवक्ता पर उसकी वादिया ने मारपीट, छेड़छाड़ और चेन लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना न्यू आगरा प्रभारी विजय कुमार के अनुसार विवेचना के साथ साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक बोदला आवास विकास कालोनी सेक्टर 7 निवासी महिला ने अधिवक्ता दिनेश लुहार पर आरोप लगाया है की 6 अगस्त 2021 को उसके पति स्व कृष्णा कुशवाह की पेट के आपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही के चलते मौत हो गयी थी। इसके बाद उसने अस्पताल के खिलाफ मुकदमा लिखाया था।

मुकदमे की पैरवी के लिए उन्होंने अधिवक्ता दिनेश लुहार को हायर किया था। पीड़िता का आरोप है की वकील ने उससे 30 हजार रुपये फीस के नाम पर ले लिए थे। इसके बाद जब भी वो उसे कोर्ट बुलाता था तो अपने चैंबर में उसके साथ अश्लील हरकत करने लगता था। आरोपी वकील ने दूसरे पक्ष से मिलीभगत कर ली थी।

इसके बाद जब वो अपनी सास के साथ वकील से मुकदमे की फाइल वापस लेने गयी तो उसने मारपीट और गाली गलौच की। इस दौरान वकील ने सास की चेन तोड़ ली और जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर छेड़छाड़ समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा लिखा है। एएसपी सत्यनारायण के अनुसार महिला की तहरीर पर थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।