हाईवे की रेलिंग को तोड़ते हुए हॉस्पिटल में घुसी गाड़ी:अनार लदे ट्रक से टकराने के बाद हुई अनियंत्रित, पुलिस ने वाहनों को कराया किनारे

आगरा2 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

आगरा में आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर शनिवार सुबह राजस्थान की तरफ से अनार लादकर आ रहा एक ट्रक, टाटा 407 से टकरा गया। जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। वहीं टाटा 407 हाईवे से सर्विस रोड पर पहुंच गई और पास में पीके गुप्ता हॉस्पिटल की दीवार को तोड़ते हुए अंदर घुस गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को हटाया। वहीं टाटा 407 के हॉस्पिटल में घुसने का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। जिसमें दुर्घटना की भयावहता साफ दिख रही है। शुक्र है मौके पर कोई नहीं था वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

शनिवार सुबह 4:00 बजे राजस्थान की तरफ से एक ट्रक अनार लादकर इलाहाबाद जा रहा था। इसी दौरान आगरा फिरोजाबाद हाईवे पर कृष्णा हॉस्पिटल के सामने अनियंत्रित हो गया। ट्रक अनियंत्रित होकर बगल में चल रही टाटा 407 से टकरा गया और पलट गया। वहीं टाटा 407 रेलिंग को तोड़ते हुए सर्विस रोड किनारे एक हॉस्पिटल में घुस गई। टाटा 407 ट्रक से टकराने की वजह से हॉस्पिटल की मुख्य दीवार से टकरा गई।

दुर्घटना के बाद मौके पर ट्रांस यमुना चौकी पुलिस पहुंची। क्रेन मंगवा कर दोनों वाहनों को किनारे कराया। वहीं पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है।