आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के ट्रांस यमुना कालोनी से मंगलवार रात किडनैप हुए सीनियर डॉक्टर की कार बुधवार दोपहर को धौलपुर से बरामद की गई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को भी पकड़ा है। उसकी निशानदेही पर अपहृत डॉक्टर की तलाश में चंबल के बीहड में राजस्थान पुलिस के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, थाना एत्माद्दौला में पुलिस ने डॉक्टर की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार रात साढे़ 7 बजे कार से निकले थे
ट्रांस यमुना कालोनी फेस-2 में डॉ.उमाकांत गुप्ता का विद्या नर्सिंग होम है। नर्सिंग होम के पीछे ही उनका एफ-46 में उनका निवास है। हॉस्पिटल संचालक डॉ.उमाकांत गुप्ता मंगलवार शाम साढे़ 7 बजे अपने घर से अपनी नीले रंग की बलेनो कार संख्या UP80 EJ 7472 से हॉस्पिटल जाने के लिए निकले थे। आम दिनों में वो 10 बजे तक हॉस्पिटल के राउंड से लौट आते थे। मगर, मंगलवार को रात 11 बजे तक वापस नहीं आए। उनके दोनों मोबाइल फोन भी रात साढे़ 8 बजे से बंद आ रहे थे। ऐसे में डॉ.उमाकांत की पत्नी डॉ.विद्या गुप्ता को चिंता हुई। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस की कई टीम डॉक्टर की तलाश में जुट गई।
लास्ट लोकेशन सैंया में मिली थी, चंबल में चल रहा सर्च आपरेशन डॉक्टर के लापता होने की खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। डॉक्टर की अंतिम लोकेशन सैंया में मिली। इसके बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हो गई हैं। पुलिस ने अपहरण की आशंका पर सैंया में ही डेरा जमा लिया था। राजस्थान पुलिस से भी संपर्क किया गया। आगरा पुलिस की टीम राजस्थान धौलपुर भी गई। बताया गया है कि धौलपुर में डॉक्टर की नीले रंग की कार बरामद हो गई है। सूूत्रों के अनुसार पुलिस ने एक संदिग्ध को भी उठाया है। उसकी निशानदेही पर बीहड़ में आगरा और धौलपुर के एसपी के नेतृत्व में डॉक्टर की तलाश के लिए सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।
बेटे ने कराया अपहरण का मुकदमा
डॉक्टर उमाकांत गुप्ता की पत्नी विद्या गुप्ता और दोनों बेटे अभिषेक और अभिलाष भी डॉक्टर हैं। तीनोंं शुरू से ही अपहरण की आशंका जता रहे थे। हालांकि अभी तक फिरौती का कोई फोन नहीं आया है। डॉक्टर के बेटे अभिषेक ने एत्माद्दौला थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया है।
राजा खेड़ा के रास्ते पहुंचे धौलपुर
डॉक्टर की लास्ट लोकेशन सैंया के तेहरा में मिली थी। यह जानकारी होने के बाद पुलिस ने सैंया टोल प्लाजा का सीसीटीवी फुटेज चेक किया, लेकिन डॉक्टर की कार सीसीटीवी फुटेज में टोल प्लाजा पार करते नहीं दिखाई दी। ऐसे में माना जा रहा है कि अपहर्ता डॉक्टर को राजाखेडा़ के रास्ते अंदर ही अंदर धौलपुर ले गए हैं। पुलिस उस रास्ते पर भी सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।
चंबल में सक्रिय है कई गैंग
अपहरण की घटनाओं को अंजाम देने के लिए चंबल में कई गैंग एक्टिव हैं। पहले भी कई लोगों को धौलपुर और चंबल के बीहड़ में रखा गया है। ऐसे में आगरा पुलिस-धौलपुर पुलिस के साथ बीहड़ में कॉम्बिंग कर रही है।
कैंसर से जंग जीत चुके हैं डॉ. उमाकांत
डॉ.उमाकांत गुप्ता को पिछले साल कैंसर हो गया था। मगर, उन्होंने अपनी हिम्मत और जज्बे से कैंसर को मात दे दी। डॉक्टर की सकुशल वापसी के लिए उनके परिजनों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ट्वीट कर जल्द तलाशने की गुहार लगाई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.