अलीगढ़ में पहले दंगे होते थे, अब गन्ना होता है:CM योगी ने युवाओं और किसानों को साधा; 2000 विद्यार्थियों को बांटे टैबलेट और स्मार्टफोन

अलीगढ़एक वर्ष पहले
अलीगढ़ में विकास योजनाओं का शिलान्यास करने के दौरान सीएम योगी और अन्य अतिथि।

अलीगढ़ में विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने आए CM योगी एक ही मंच से युवाओं और किसानों दोनों को साध गए। मंगलवार को उन्होंने 2000 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन बांटे। इसके साथ ही घोषणा की कि उनके मोबाइल का खर्च भी सरकार उठाएगी। साथ ही उन्होंने किसानों के लिए अलीगढ़ में नई चीनी मिल देने की भी घोषणा की। जिससे गन्ना किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए परेशान न होना पड़े।

अब किसान और आमजन खुशहाल जीवन जीते हैं

CM योगी ने कहा कि पुरानी सरकारों में अलीगढ़ में दंगे होते थे, लेकिन अब गन्ना होता है। किसान और आमजन खुशहाल जीवन जीते हैं। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ की साथा चीनी मिल जल्दी ही किसानों को फायदा देगी। साथ ही इसके स्थान पर नई और आधुनिक चीनी मिल का भी निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा।

सीएम के कार्यक्रम के दौरान मौजूद विद्यार्थी
सीएम के कार्यक्रम के दौरान मौजूद विद्यार्थी

अब श्रमिकों पर की जाती है पुष्प वर्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले श्रमिकों को दोयम बर्ताव से गुजरना पड़ता था। पुरानी सरकारें उनके हाथ काटने का काम करती थीं। मगर, भाजपा की विकासवादी सरकार में आज सभी को मान-सम्मान मिल रहा है। श्रमिकों के ऊपर पुष्प की वर्षा की जाती है। प्रधानमंत्री उनका सम्मान करने के साथ ही उन्हें अपने साथ बैठाकर भोजन करते हैं। श्रमिकों के बच्चों को आज पढ़ने और आगे बढ़ने के लिए साइकिल और विभिन्न सुविधाएं दी जा रही हैं।

पहले लैपटॉप थे, लेकिन बिजली नहीं

उन्होंने कहा कि पहले सरकारों में विद्यार्थियों के पास अगर लैपटॉप और मोबाइल होते भी थे, तो चलाने के लिए बिजली नहीं होती थी। बिजली सिर्फ गिने-चुने जिलों में ही आती थी। संसाधन होने के बाद लोग इसका इस्तेमाल नहीं कर पाते थे। आज भाजपा सरकार घर-घर तक बिजली पहुंचा रही है। लोगों को कनेक्शन मिल रहे हैं। सस्ते दामों पर बिजली उपलब्ध हो रही है। भविष्य में बिजली की समस्या न हो, इसके लिए नई यूनिटों की स्थापना की जा रही है। इसमें हरदुआगंज की 660 मेगावॉट की यह यूनिट भी शामिल है। इससे आने वाले समय में लोगों को बिजली के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।

परिवारवाद की सरकार जनता के पैसे से कराती थी दंगे

सपा पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि पिछली सरकार में विकासवाद की कोई सोच नहीं थी। उन सरकारों में सिर्फ परिवारवाद और वंशवाद की ही सोच थी। वह पैसा लूटते थे और लूट का पैसा दबाकर रखते थे। फिर वक्त आने पर उस पैसे का इस्तेमाल दंगे कराने और गरीबों को लूटने में करते थे।

जनता के साथ गलत हुआ, तो तैयार है बुलडोजर

उन्होंने कहा कि पहले जनता को लूटा जाता था। उसकी संपत्ति पर कब्जा किया जाता था। आज ऐसा नहीं है। किसी भी आमजन या व्यापारी की संपत्ति पर कोई भी कब्जा नहीं कर सकता। जो कब्जा करेगा, पीछे से राज्य सरकार का बुलडोजर भी तैयार बैठा रहेगा। उन्हें मालूम है कि अगर गलत करेंगे, तो राज्य सरकार ऊपर से कार्रवाई करने के लिए बैठी है।

सीएम बोले- बुलडोजर से होती है चिंता

योगी ने कांग्रेस, सपा और बसपा तीनों पर निशाना साधा। कहा कि जब सरकार का बुलडोजर चलता है, तो सबको तकलीफ होती है। उन्होंने आमजनों से पूछा कि जब बुलडोजर चलता है तो किसको तकलीफ होती है, गुंडों को। दिल्ली में बैठकर इटली की चिंता करने वाले भाई-बहन को बुलडोजर की चिंता होती है। या फिर सैफई में बैठकर बबुआ को चिंता होती है कि बुलडोजर क्यों चल रहा है। कभी-कभी बुआ को भी चिंता होती है कि यह बुलडोजर क्यों चल रहा है। उनकी चिंता यह नहीं है कि गरीब को मकान, बिजली और शौचालय मिले। उनकी चिंता यह है कि माफियाओं पर बुलडोजर क्यों चल रहा है।

बिना क्लास में आए करना चाहते हैं टॉप

CM ने विपक्षी पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह लोग बिना पढ़ाई किए और क्लास में आए एक महीने में टॉप करना चाहते हैं। पूरे साल वह क्लास में आए नहीं। क्लास सिर्फ भाजपा अटेंड कर रही थी। लोगों के बीच में जाकर उनसे मिल रही थी। उनके सुख-दुख का हाल ले रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के दौरान कोई भी पार्टी बाहर नहीं निकली। आमजनों से मिलकर उनका हालचाल नहीं लिया। इस दौरान सिर्फ भाजपा के लोग ही आमजनों के बीच में थे। उनकी मदद कर रहे थे। ऐसे में अब दूसरे लोग कैसे टॉप कर सकते हैं।

सीएम के साथ मंच पर यह रहे मौजूद

CM योगी के साथ मंच पर जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, सांसद सतीश गौतम, राज्यमंत्री संदीप सिंह, हाथरस सांसद राजवीर दिलेर, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रघुराज प्रताप सिंह, विधायक ठा. दलवीर सिंह, विधायक संजीव राजा, विधायक अनिल पराशर, विधायक रवेंद्र पाल सिंह, विधायक राजकुमार सहयोगी, विधायक अनूप प्रधान, एमएलसी ठा. जयवीर सिंह समेत पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...