अलीगढ़ में गणेश और मां दुर्गा की पूजा करने वाली भाजपा नेत्री रूबी आसिफ खान को परिवार सहित जान से मारने की धमकी मिली है। अज्ञात लोगों ने उसके घर के बाहर पोस्टर चिपका दिया है। जिसमें लिखा है कि रूबी काफिर बन गई है। पूजा करती है और हवन करती है। इसे परिवार के साथ जिंदा जला दो।
जिसके बाद भाजपा की मुस्लिम नेत्री रूबी आसिफ खान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर रोरावर पुलिस पहुंची। उन्हें सुरक्षा दी। इसके साथ ही मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गणेश पूजन से चर्चा में आई थी रूबी
भाजपा की प्रदेश मंत्री रूबी आसिफ खान गणेश पूजा करके चर्चाओं में आई थीं। उन्होंने गणेश उत्सव के दौरान अपने घर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की थी, जिसके बाद उनके खिलाफ फतवा जारी कर दिया गया। उन्हें गैर मुस्लिम कहा गया था। इसके बाद भी वह विचलित नहीं हुई थी। उनका कहना था, "हमें पूजा करना अच्छा लगता है। मैं लोगों को राष्ट्रीय एकता का संदेश देना चाहती हूं। जिसके बाद मैंने नव दुर्गा में अपने घर में देवी मां की प्रतिमा के साथ घट स्थापना की थी। नौ दिनों का व्रत भी रखा है। जिसके बाद हमें धमकी मिली है।"
काफिर बन गई हैं रूबी आसिफ खान
पूजा अर्चना करने के बाद लगातार रूबी को मुस्लिम समाज के लोगों का विरोध सहना पड़ रहा है। उनके खिलाफ फतवे भी जारी किए गए। अब उनके घर के बाहर विवादित पोस्टर चिपका दिया गया है। जिसमें उन्हें उनके परिवार के साथ जिंदा जलाकर जान से मारने की धमकी दी गई है।
इसमें रूबी की फोटो लगी है, जिसमें वह गणेश पूजन करती नजर आ रही हैं। इसके साथ लिखा गया है कि रूबी आसिफ खान काफिर बन गई है। यह पूजा करती है, हवन करती है। वंदे मातरम कहती है, इसे इस्लाम से खारिज कर दो। परिवार समेत जिंदा जला दो। जिसके बाद पूरे परिवार में दशहत का माहौल बन गया है।
प्रधानमंत्री मोदी का खून से किया था तिलक
गणेश स्थापना और दुर्गा पूजन के साथ ही रूबी ने प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। बर्थडे केक काटने के साथ ही उन्होंने पीएम मोदी की तस्वीर पर खून से तिलक किया था। जिसके बाद वह फिर चर्चाओं में आई थीं। लगातार विवाद और फतवा सहने के बाद भी उनका विश्वास कमजोर नहीं हुआ है। उनका कहना है कि वह लगातार राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए काम करती रहेंगी।
पुलिस बोली-आरोपियों की हो रही तलाश
एसपी सिटी कुलदीप गुनावत ने बताया, "महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास के CCTG कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। जिससे यह पता चल सके कि किन लोगों ने उनके घर के बाहर पोस्टर लगाया है। उन्होंने बताया कि महिला और उसके परिवार की सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है, जिससे किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.