अलीगढ़ में एक महिला को उसके शौहर ने मारपीट करके घर से निकाल दिया। अब उसके अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। परेशान होकर महिला ने दो दिन पहले एसएसपी कलानिधि नैथानी से मिलकर शिकायत की थी। उनके निर्देश पर सिविल लाइन्स थाने में पति के खिलाफ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। दोनों के बीच न्यायालय में केस भी चल रहा है। इसके बाद भी आरोपी इस तरह की हरकतें कर रहा है।
मायके में रहती है पीड़िता
जमालपुर निवासी पीड़िता ने बताया कि उसका निकाह 2018 में छर्रा निवासी अराइश के साथ हुआ था। निकाह के छह महीने बाद ही उसके शौहर ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दिया था। इसके कुछ दिन बाद ही आरोपी ने उसे ससुराल से मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया, जिसके कारण वह अपने मायके में रह रही है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके शौहर का अन्य किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसकी वजह से वह उसके साथ आए दिन मारपीट करता रहता था। परिजनों के समझाने के बाद भी वह नहीं माना।
उस मामले में करीब तीन साल पहले पुलिस में पीड़िता ने केस दर्ज कराया था और पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वर्तमान में दोनों के बीच तलाक के लिए पारिवार न्यायालय में केस मामला चल रहा है।
जमानत पर रिहा होने के बाद शुरू किया धमकाना
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी वर्तमान में अंतरिम जमानत पर करीब एक साल से बाहर है। इसके बाद भी वह आए दिन उसे धमकाता रहता है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके शौहर ने उसके फोटो और वीडियो को एडिट करके अश्लील बना दिया है, जिसे वह वायरल करने की धमकी देता रहता है।
सीओ श्वेताभ पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.