UP के अलीगढ़ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को एक किशोरी के अपहरण, रेप और उसकी हत्या के मामले में 7 साल पहले जेल हो गई। अब पता चला है कि लड़की जिंदा है। उसने शादी करके अपना नाम बदल लिया है। उसके दो बच्चे भी हैं। मामला गोंडा थाना क्षेत्र का है।
17 फरवरी 2015 को किशोरी लापता हुई थी
अलीगढ़ के गांव ढांठौली में 17 फरवरी 2015 को 10वीं में पढ़ने वाली किशोरी लापता हो गई थी। परिजन ने गांव में ही रहने वाले विष्णु पर अपहरण का आरोप लगाया। उसके खिलाफ केस दर्ज कराया था। इसके कुछ दिन बाद आगरा में एक किशोरी का शव मिला था।
परिजन ने शव की शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की थी। इसके बाद विष्णु पर उसके अपहरण और रेप के बाद हत्या का आरोप लगा। फिर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। मामला अभी भी कोर्ट में है, लेकिन इस मामले में विष्णु 4 साल तक जेल में रहा। इसके बाद उसे जमानत मिली, लेकिन पिछले दिनों तारीख पर हाजिर न होने के कारण उसे फिर से जेल भेज दिया गया।
कथावाचक ने लापता किशोरी को पहचाना
अलीगढ़ के एक कथावाचक उदय कृष्ण शास्त्री नवंबर में हाथरस में कथा करने गए थे। कथा स्थल पर 7 साल पहले गायब हुई किशोरी (अब युवती) भी आई थी। कथावाचक ने उसे पहचान लिया। उन्हें शक भी हुआ। इसके बाद 1 दिसंबर को वे जेल में बंद युवक की मां के साथ जाकर SSP से मिले और जानकारी दी।
कथावाचक ने बताया कि जेल में बंद युवक की मां सुनीता देवी उनकी शिष्या हैं। वे कई साल से उनके आश्रम में आ रही हैं। वे इस परिवार को अच्छी तरह से जानते हैं। कथा के दौरान युवती को देखकर उन्हें शक हुआ तो उन्होंने उसके बारे में पता किया। इसके बाद गांव के लोगों ने उन्हें बताया कि वह कुछ साल पहले कहीं से आई है।
पुलिस ने युवती को किया गिरफ्तार
लोगों ने बताया कि युवती गांव में नाम बदलकर अपने पति राजकुमार और दो बच्चों के साथ रहती है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच करने की मांग की। पिछले दिनों जब डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अलीगढ़ आए तो उन्हें भी सारी कहानी बताई। जिसके बाद युवती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट में दर्ज कराए गए युवती के बयान
SSP के निर्देश पर सीओ राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने युवती को हाथरस के गांव नगला चोखा में जाकर गिरफ्तार कर लिया। युवती यहां नाम बदलकर रह रही थी। युवती को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर सिविल जज के कोर्ट में युवती के बयान दर्ज कराए गए। पुलिस ने युवती का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की।
DNA टेस्ट से सारी स्थिति होगी साफ
SSP कलानिधि नैथानी ने बताया कि मामला काफी पेचीदा है। डीएनए टेस्ट से ही स्थिति साफ हो सकती है।
मां बोली- बेटे को जल्द रिहा किया जाए
जेल में सजा काट रहे विष्णु की मां सुनीता देवी ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को झूठे केस में फंसाया गया है। उनके बेटे ने कुछ नहीं किया था। फिर भी उसके ऊपर अपहरण, रेप और हत्या के आरोप लगाकर जेल भेज दिया गया। मेरे बेटे को जल्द से जल्द रिहा किया जाए और उसके ऊपर झूठा केस दर्ज कराने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.