अमेठी के केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय गौरीगंज में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। जिसमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर अमेठी कांग्रेस 26 जनवरी से गांव स्तर तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाएगी। ग्राम, ब्लॉक स्तर एवं जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। ब्लॉक स्तर पर वृहद पदयात्रा निकाली जाएगी।
संचालन के लिए ब्लॉक अध्यक्षों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदयात्रा में ब्लॉक संगठन वरिष्ठ कांग्रेस नेता, फ्रंटल संगठन के पदाधिकारी, पीसीसी के सदस्य शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के सफल अभियान के रूप में यह व्यापक जनसंपर्क अभियान पदयात्रा के रूप में सभी ग्राम पंचायतों में डोर टू डोर कार्यक्रम के रूप में होगा। इस जनसंपर्क अभियान के दौरान गांव स्तर तक कांग्रेस का झंडा फहरा कर और मूल संदेश के रूप में राहुल गांधी का पत्र सौंपा जाएगा। मोदी सरकार के खिलाफ चार्टशीट बांटी जाएगी।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि 30 जनवरी को ब्लॉक वार्ड, नगर व जिला मुख्यालय पर महात्मा गांधी के चित्र के साथ झंडारोहण का कार्यक्रम होगा। 30 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा के समापन पर राहुल गांधी श्रीनगर के प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इस बैठक में जिला उपाध्यक्ष प्रशांत त्रिपाठी, शत्रुघ्न सिंह, नरसिंह बहादुर सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने अपने अपने सुझाव रखे। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और पीसीसी सदस्य एवं फ्रंटल संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.