अमेठी के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात घर के बरामदे में सो रहे निजामुद्दीनपुर ग्राम प्रधान गुरुशरण यादव की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन जब जागे तो बदमाश फरार हो गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कनपटी और सीने के बगल में मारी गोली
जानकारी के अनुसार, घटना मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर गांव की है। ग्राम प्रधान गुरुसरण यादव (60) प्रतिदिन की तरह घर के बरामद में सो रहे थे। अन्य परिजन घर के अंदर सोए हुए थे। देर रात करीब 12 बजे अज्ञात बदमाशों ने सोते समय ही गुरुशरण को एक गोली कनपटी के पास और दूसरी गोली सीने और पेट के बगल से मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
गोली की आवाज सुनकर घर के अंदर सो रहे परिजन जाग गए। परिजनों की आवाज पर कोई हरकत न होने पर जब गुरुशरण को देखा तो उनकी गोली लगने से मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। रात में ही एसपी और अन्य आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
अभी तक नहीं दी तहरीर
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रधान की मौत से गांव में हड़कंप मचा है। परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अभी कोई तहरीर नहीं मिलने से सही कारणों का पता नहीं चल सका है।
जमीन का चल रहा था विवाद
मृतक के पुत्र सुरेंद्र यादव ने बताया कि रात 12 बजे सब सो गए थे। मां बगल में थीं, तभी गोली की आवाज आई तो उन्होंने बुलाया। पिता बोले नहीं तो मां ने आकर देखा तो वो खून से लथपथ थे। बदमाशों ने उन्हें दो गोली मारी है। जमीन का विवाद चल रहा था, लेकिन नहीं पता था ऐसा हो जाएगा।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.