अमेठी में एक महिला ने पहले अपने दो बच्चों की गला रेत कर हत्या की और फिर खुद फंदे से लटक कर जान दे दी। तीनों के शव बंद कमरे से मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर तीनों शव बाहर निकाले।
4 साल की बेटी और ढाई साल के बेटे का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था। वहीं, मां का शव फंदे से लटका था। महिला की 5 साल पहले लव-मैरिज हुई थी। घटना शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के कुकहा रामपुर गांव की है।
ग्रामीणों ने बताया कि इनके परिवार में आए दिन कलह होती रहती थी। इस कारण परेशान होकर महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की। इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पति भी घर से बाहर ही रहता है। उसकी कमाई से घर खर्च भी सही से नहीं चल पाता था। इन्हीं सब बातों से शीतला परेशान रहती थी।
सुबह जब दरवाजा नहीं खुला, तो घर में ही अलग कमरे में रहने वाली सास को संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने गांव वालों को सूचना दी। सास के कहने के बाद ग्रामीणों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा, तो कमरे का मंजर देख सभी दंग रह गए। सास ने बताया कि रात में सभी खाना खाकर सोए थे।
दरवाजा खटखटाया तब पता चला
ग्रामीण संदीप ने बताया कि 28 साल की शीतला देवी अपने दो बच्चों बेटी निधि, बेटा रितेश और 65 साल की सास ननकाव के साथ गांव में रहती थी। सुबह उसकी सास ननकाव ने सबको आवाज दी, तो हम लोग पहुंचे। शीतला के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उसे खटखटाया गया, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद प्रधान को जानकारी दी गई। प्रधान प्रतिनिधि के आने के बाद सबकी सहमति से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाकर देखा गया, तो तीनों के शव मिले।
पति लखनऊ में ड्राइवर का काम करता है
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक महिला का पति धर्मराज लखनऊ में ड्राइवर का काम करता है। वह हफ्ते में एक बार घर आता है। फिलहाल, उसे घटना की सूचना दे दी गई है। वह अपने घर के लिए रवाना हो गया है। उसके साथ लखनऊ में उसका छोटा भाई भी रहता है। दोनों साथ में ही अमेठी के लिए रवाना हुए हैं।
5 साल पहले लव मैरिज हुई थी
धर्मराज और मृतका शीतला ने 5 साल पहले लव मैरिज की थी। बताया जा रहा है कि दोनों के घरवाले राजी नहीं थे। इसके बावजूद दोनों ने शादी की थी। इधर कुछ महीनों से घर में लड़ाई-झगड़े बढ़ने लगे थे। माना जा रहा है कि बीती रात पति-पत्नी के बीच फोन पर कुछ विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी ने यह कदम उठाया।
SP बोले- मामला सुसाइड का, लेकिन जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस फोर्स पहुंच गया। साथ ही SP इलामारन भी पहुंच गए। उन्होंने बताया कि शव को सबसे पहले ग्रामीणों ने देखा है। दो बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे। जिनका गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। साथ ही महिला की बॉडी फंदे से लटकी मिली है। पहली नजर में मामला बच्चों की हत्या कर फांसी लगाने का है। इसके बावजूद पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.