औरैया में हाल ही में स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ सपा में शामिल हुए भाजपा के बिधूना विधायक विनय शाक्य के भाई देवेश शाक्य की मुसीबतें कम नहीं हो रही हैं। पहले भतीजी रिया शाक्य ने विधायक पिता को अगवा करने का आरोप लगाया था। सपा में शामिल होने के बाद रिया ने चाचा देवेश पर ही बरगलाने का आरोप लगाया था। परिवार में राजनीति की विरासत पाने की लड़ाई घर की दहलीज से बाहर निकल आई थी। अब देवेश शाक्य पर भाजपा के बूथ अध्यक्ष को फोन पर धमकी देने का आरोप लगा है। बूथ अध्यक्ष ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर जान माल की सुरक्षा व दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुर्वा मके निवासी आलोक सिंह पुत्र बृम्हपाल सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि वह भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। 14 जनवरी 2022 को उसके मोबाइल नंबर पर बिधूना विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के बागी हुए विधायक विनय शाक्य के भाई देवेश शाक्य की फोन कॉल आई और मुझसे फोन पर गाली-गलौज की देते हुए देख लेने की धमकी दी। बाद में 16 जनवरी को सुबह उनके किसी कार्यकर्ता का एक दूसरे नंबर से उसके मोबाइल पर फोन कॉल आई जिस पर उसके द्वारा भी उसे घर में घुसकर मारने और नेतागिरी दूर कर देने की धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता भाजपा बूथ अध्यक्ष ने यह भी कहा है कि उपरोक्त लोग दबंग बाहुबली हैं। उसकी जान माल को गंभीर खतरा है। उसकी जान माल की सुरक्षा किए जाने के साथ मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। विधायक विनय शाक्य के भाई देवेश शाक्य ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए शिकायतकर्ता द्वारा उनको ही फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी देने और उनकी राजनीतिक छवि को धूमिल करने के षड्यंत्र का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.