गिरिजा बैराज से लगातार चौथे दिन भी सात लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बीते चार दिनों में 62 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण अयोध्या समेत दस जनपदों में बाढ़ की स्थित बन गई है। तेजी के साथ उफना रही सरयू नदी जलस्तर खतरे के निशान से 53 सेमी ऊपर बह रहा है।
अयोध्या में 27 गांव में बाढ़ का खतरा
जिले की तीन तहसीलों के 27 गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। गांवों में पानी घुसने से पूराबाजार क्षेत्र के पांच सरकारी स्कूल भी बंद हो गए हैं। गांवों में बाढ़ का पानी दाखिल होने के बाद जागे प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में दौरा शुरू कर दिया है।
हालांकि अभी राहत और बचाव के नाम पर आश्वासन की घुट्टी ही बाढ़ पीड़ितों को पिलाई जा रही है। सदर तहसील के 15, सोहावल और रुदौली के छह-छह गांव और मजरे बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। माना जा रहा है कि अगर तीन चार दिनों में पानी नहीं घटा तो प्रशासन प्रभावितों को गांवों से निकालने का काम शुरू कर देगा।
खतरे के निशान से ऊपर
केन्द्रीय जल आयोग के प्रभारी अमन चौधरी ने बताया कि सोमवार रात में गिरिजा बैराज से सात लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिसके चलते मंगलवार को 13 सेमी जलस्तर में इजाफा हुआ। सरयू नदी में खतरे का निशान 92.730 है, मंगलवार को नदी 93.260 पर बह रही है।
नगर क्षेत्र के निचले इलाकों में पहुंचने लगा पानी
नगर क्षेत्र के निचले इलाकों में भी पानी पहुंचने लगा है। जमथरा, धारा रोड और निर्मली कुंड तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। प्रभावित गांवों के लोगों का कहना है कि मंगलवार को केवल अधिकारी आए और आश्वासन देकर चले गए। सोहावल प्रतिनिधि के अनुसार मांझा कला गांव बाढ़ के चलते पूरी तरह से जलमग्न हो गया है।
लगभग 180 परिवारों को गांव से सुरक्षित निकालकर बगल में सहारा बाग में टेंट लगाकर तहसील प्रशासन द्वारा बसाया गया है। डीएम नितिश कुमार ने विस्थापित केंद्र का निरीक्षण किया और राहत सामग्री बांटी। एसडीएम मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया 90 परिवारों को राशन किट दिया गया।
डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया
रुदौली प्रतिनिधि के अनुसार, तराई इलाकों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने मंगलवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार व एडीएम वित्त व राजस्व महेंद्र कुमार सिंह व एसडीएम स्वप्निल यादव पहुंचे। डीएम ने कहा कि जो भी फसलें प्रभावित होंगी। उनके नुकसान की भरपाई की जाएगी।
सर्वे के लिए निर्देशित किया गया है। इन अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित ग्राम सल्लाहपुर व महंगूपुरवा का दौरा किया। ग्राम कैथी के ग्राम प्रधान राम सदन यादव ने बताया कि जलभराव से जहां आवागमन बाधित हो गया है। जानवरों के भोजन की भी समस्या उत्पन्न हो गई है। रुदौली तहसील के महंगू का पुरवा, कैथी, संडरी , मुजेहना , पास्ता माफी खैरी, कोटरा व शाहपुर बाढ़ प्रभावित हो गए हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.